Top News

कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट, बाइक एंबुलेंस को डीएम कविता मीना ने दिखाई हरी झंडी

भीड़भाड़ और संकरे रास्तों में तुरंत पहुंचेगी मेडिकल टीम, कांवड़ मार्ग पर 24 घंटे मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा
ग्रेटर नोएडा/गढ़मुक्तेश्वर हापुड़ निरंजन शर्मा: 6 अगस्त 2026। सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने विशेष पहल की है। जिलाधिकारी श्रीमती कविता मीना ने कलेक्ट्रेट परिसर से बाइक एंबुलेंस सेवा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस पहल का उद्देश्य कांवड़ यात्रा के दौरान भीड़भाड़ वाले मार्गों, संकरे रास्तों और ऐसे स्थानों पर जहां सामान्य एंबुलेंस को पहुंचने में समय लग सकता है, वहां जरूरतमंद श्रद्धालुओं तक तत्काल चिकित्सा सहायता पहुंचाना है।
इस अवसर पर जिलाधिकारी कविता मीना ने कहा कि कांवड़ियों की सुरक्षा और स्वास्थ्य प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि भीड़भाड़ के कारण बड़ी एंबुलेंस के पहुंचने में देरी की स्थिति में बाइक एंबुलेंस महत्वपूर्ण और जीवनरक्षक भूमिका निभा सकती है।
त्वरित चिकित्सा सहायता के लिए तैयार रहेगी बाइक एंबुलेंस
बाइक एंबुलेंस को विशेष रूप से कांवड़ यात्रा के दौरान आपात परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए संचालित किया जा रहा है। यह भीड़भाड़ वाले मार्गों पर तेजी से पहुंचने के साथ-साथ संकरे रास्तों में भी आसानी से संचालित हो सकेगी। इसमें आपात स्थिति में प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की सुविधा रहेगी तथा स्वास्थ्य सेवाएं 24 घंटे उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है।
प्रशासन का लक्ष्य है कि कांवड़ मार्ग पर किसी भी श्रद्धालु को स्वास्थ्य संबंधी आपात स्थिति का सामना करने पर मेडिकल सहायता के लिए लंबा इंतजार न करना पड़े।
कार्यक्रम में मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. किशोर कुमार अहूजा, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
जिला प्रशासन ने कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, स्वास्थ्य और सुविधाओं को लेकर व्यवस्थाओं को प्राथमिकता देने की बात कही है।

Post a Comment

और नया पुराने