Top News

ईकोटेक-3 में 3.31 करोड़ की हाईमास्ट व एलईडी लाइट परियोजना शुरू, औद्योगिक क्षेत्र की सुरक्षा और विकास को मिलेगा नया आयाम

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता:औद्योगिक सेक्टरों में बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ईकोटेक-3 में 21 हाईमास्ट और 450 एलईडी स्ट्रीट लाइट की स्थापना का कार्य पूरा कर लिया है। शुक्रवार को दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के ओएसडी अभिषेक पाठक, वरिष्ठ प्रबंधक अजित भाई पटेल तथा इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (आईबीए) के पदाधिकारियों की उपस्थिति में परियोजना का विधिवत शुभारंभ किया
करीब 3.31 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस परियोजना का उद्देश्य औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराना, सुरक्षा को मजबूत करना और उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करना है। लंबे समय से उद्यमी इस सुविधा की मांग कर रहे थे, जिसे ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एनजी रवि कुमार ने प्राथमिकता देते हुए तत्काल स्वीकृति प्रदान की और निर्धारित समय में कार्य पूरा कराया।परियोजना के तहत 16 मीटर ऊंचाई के पांच तथा 25 मीटर ऊंचाई के 16 हाईमास्ट लगाए गए हैं। इसके साथ ही पूरे औद्योगिक क्षेत्र में 450 आधुनिक एलईडी स्ट्रीट लाइटें स्थापित की गई हैं, जिससे रात्रिकालीन आवागमन अधिक सुरक्षित होगा और औद्योगिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।शुभारंभ के अवसर पर विधायक तेजपाल सिंह नागर ने ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि सीईओ एनजी रवि कुमार के नेतृत्व में क्षेत्र में विकास परियोजनाएं तेजी से धरातल पर उतर रही हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर औद्योगिक आधारभूत संरचना न केवल निवेश को आकर्षित करेगी, बल्कि उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य को भी मजबूती प्रदान करेगी।

आईबीए के प्रतिनिधियों ने भी प्राधिकरण का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हाईमास्ट और एलईडी स्ट्रीट लाइट की स्थापना से उद्योगों की सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी, कर्मचारियों और वाहनों की आवाजाही सुगम बनेगी तथा उद्यमियों को लंबे समय से महसूस की जा रही समस्या से राहत मिलेगी।इस अवसर पर इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन के अध्यक्ष अमित उपाध्याय, खुशबू सिंह, डॉ. चंचल वार्ष्णेय, सुरेश शर्मा सहित आईबीए के अन्य प्रतिनिधि तथा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने