Top News

आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज में एआई की तकनीकी उपयोगिता पर दो दिवसीय कार्यशाला

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: शिक्षकों और विद्यार्थियों को एआई टूल्स के व्यावहारिक उपयोग का दिया गया प्रशिक्षण
ग्रेटर नोएडा, फेस वार्ता। आई.टी.एस. डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में पढ़ाई एवं शोध के दौरान आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक के प्रभावी उपयोग को लेकर 15 से 16 सितम्बर 2026 तक दो दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में संस्थान के सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने भाग लिया।
कार्यशाला के मुख्य वक्ता एवं संस्थान के प्रोस्थोडॉन्टिक्स विभागाध्यक्ष डॉ. पुनीत राज सिंह खुराना ने प्रतिभागियों को अकादमिक क्षेत्र में एआई की भूमिका, उपयोगिता और संभावनाओं से परिचित कराया। इस दौरान एआई चैटबॉट्स जैसे चैटजीपीटी, जेमिनी एवं क्लाउड के उपयोग तथा शिक्षण प्रक्रिया में एआई के व्यावहारिक प्रयोग पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को एआई से जुड़ी केवल सैद्धांतिक जानकारी ही नहीं दी गई, बल्कि विभिन्न एआई टूल्स के प्रयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया गया। इसका उद्देश्य शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के माध्यम से अपने शैक्षणिक एवं शोध कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए सक्षम करना था।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. ओमकार के. शेट्टी ने कहा कि वर्तमान समय में एआई शिक्षा, शोध एवं स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में तेजी से महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। दंत चिकित्सा शिक्षा में एआई का समुचित एवं जिम्मेदार उपयोग विद्यार्थियों और शिक्षकों के लिए सीखने, अध्यापन एवं शोध की प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, व्यवस्थित तथा नवाचारपूर्ण बनाने में सहायक हो सकता है।
कार्यशाला के सफल आयोजन पर संस्थान के उपाध्यक्ष श्री सोहिल चड्ढा ने आयोजकों की टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि ऐसी कार्यशालाएँ शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकों से परिचित कराने तथा उन्हें अपने शैक्षणिक एवं शोध कार्यों में प्रभावी ढंग से उपयोग करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि तकनीक का उद्देश्य मानव क्षमता को बढ़ाना और शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करना होना चाहिए।

Post a Comment

और नया पुराने