गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता:12 सितम्बर, 2026
जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव द्वारा 12 सितंबर 2026 को जनपद मुख्यालय एवं समस्त तहसील न्यायालयों में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत का विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से विभिन्न प्रकार के लंबित एवं प्री-लिटिगेशन मामलों का आपसी सहमति एवं सुलह-समझौते के आधार पर त्वरित एवं सुलभ निस्तारण कराया जा रहा है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में मोटर दुर्घटना प्रतिकर अधिनियम के वाद, वैवाहिक वाद, भारतीय उत्तराधिकार अधिनियम के वाद, दीवानी वाद, एनआई एक्ट की धारा 138 के वाद, ई-चालान, आर्बिट्रेशन के वाद, लघु शमनीय वाद (Petty Cases), विद्युत अधिनियम के वाद, भू-राजस्व के वाद सहित अन्य सुलह योग्य मामलों का निस्तारण किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त सेवा संबंधी मामले, पेंशन के मामले, श्रम से संबंधित प्रकरण तथा प्री-लिटिगेशन स्तर पर बैंक ऋण, विद्युत एवं बीएसएनएल के टेलीफोनिक बिल से संबंधित प्रकरणों का भी आपसी समझौते के आधार पर निस्तारण कराया जा रहा है।
राष्ट्रीय लोक अदालत में जनसामान्य की सुविधा एवं विभिन्न प्रकरणों के त्वरित निस्तारण के लिए विभिन्न विभागों, बैंकों एवं वित्तीय संस्थाओं द्वारा स्टॉल लगाए गए हैं। नोएडा पावर कंपनी लिमिटेड, भारत संचार निगम लिमिटेड नोएडा, पश्चिमांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बजाज फाइनेंस, श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड, आईडीबीआई बैंक, वोडाफोन आइडिया लिमिटेड, यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, भारतीय स्टेट बैंक एवं उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक सहित संबंधित विभागों/संस्थाओं द्वारा प्रकरणों एवं शिकायतों के निस्तारण के लिए आवश्यक जानकारी एवं सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसी क्रम में हीरो फिनकॉर्प लिमिटेड द्वारा ऋण संबंधी प्रकरणों के निस्तारण एवं आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई है। जिला कारागार गौतमबुद्धनगर, साईं वोकेशनल ट्रेनिंग सेंटर तथा राजकीय सम्प्रेक्षण गृह (किशोर), फेस-2 नोएडा के कौशल विकास केंद्रों द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों के स्टॉल भी लगाए गए हैं। इन स्टॉलों के माध्यम से कौशल विकास, आत्मनिर्भरता एवं स्वरोजगार को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। स्वास्थ्य सेवाओं के अंतर्गत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, तहसील दादरी द्वारा स्वास्थ्य शिविर एवं Felix Hospital द्वारा जांच शिविर आयोजित किया गया है। इसके अतिरिक्त Ninam Foundation द्वारा जनसामान्य की सुविधा के लिए निःशुल्क मोतियाबिंद एवं नेत्र जांच शिविर का आयोजन किया जा रहा है।
जनपद न्यायाधीश द्वारा बताया गया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में वाहन चालान एवं लंबित मामलों के संबंध में जानकारी प्राप्त करने के लिए दीवानी न्यायालय गौतमबुद्धनगर द्वारा जनसामान्य के लिए टेली सेवा संचालित की गई है। इसके तहत आज प्रातः 10 बजे से सायं 5 बजे तक मोबाइल नंबर 7678643985 पर संपर्क कर आवश्यक जानकारी प्राप्त की जा सकती है। जनसामान्य की सुविधा के लिए दीवानी न्यायालय परिसर में चार हेल्प डेस्क भी स्थापित किए गए हैं। इन हेल्प डेस्क को कम्प्यूटर कक्ष एवं गेट संख्या-2 के निकट स्थापित जन सेवा केंद्र से संचालित किया जा रहा है। हेल्प डेस्क के माध्यम से वादकारी अपने मुकदमों एवं मोटर वाहन चालान से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। जनपद न्यायाधीश द्वारा यह भी बताया गया कि मोटर वाहन चालान के सुलभ निस्तारण के लिए माननीय उच्च न्यायालय, इलाहाबाद द्वारा पेमेन्ट सेतु लिंक संचालित की गई है। उक्त पेमेन्ट सेतु लिंक के माध्यम से मोटर वाहन चालान के निस्तारण की कार्यवाही दीवानी न्यायालय परिसर में संचालित हेल्प डेस्क के माध्यम से भी कराई जा सकती है। जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जनपदवासियों से अपील की गई कि वे राष्ट्रीय लोक अदालत का अधिकाधिक लाभ उठाते हुए अपने लंबित एवं सुलह योग्य मामलों का आपसी सहमति से त्वरित एवं सुलभ निस्तारण कराएं तथा उपलब्ध हेल्प डेस्क, टेली सेवा, विभागीय स्टॉल एवं अन्य सुविधाओं का लाभ उठाएं। इस अवसर पर अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (एससी/एसटी एक्ट) एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा सहित न्यायिक अधिकारीगण, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सौजन्य से सूचना विभाग, गौतमबुद्धनगर।
एक टिप्पणी भेजें