ग्रेटर नोएडा, फेस वार्ता।
जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, ग्रेटर नोएडा में शनिवार को "नमस्कार उत्तर प्रदेश राज्य सृजनकर्ता सम्मान–2026" का भव्य एवं गरिमामय आयोजन संपन्न हुआ। नमस्कार फाउंडेशन द्वारा आयोजित इस समारोह में शिक्षा, विज्ञान, साहित्य, कला, संस्कृति, सामाजिक सेवा, स्वास्थ्य, कृषि, पर्यावरण, उद्यमिता और डिजिटल नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली उत्तर प्रदेश की प्रतिभाओं को सम्मानित किया गया।
समारोह के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में अभिषेक सिंह उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज प्रतिभा, नवाचार और युवा शक्ति का केंद्र बनकर उभर रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे सम्मान समारोह युवाओं को समाज और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने के लिए प्रेरित करते हैं तथा नमस्कार फाउंडेशन का यह प्रयास हजारों युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
इसरो के वैज्ञानिक अभिषेक सिंह ने कहा कि आज का युवा केवल अपना भविष्य नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र का भविष्य भी गढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि डिजिटल नवाचार, सामाजिक अभियानों और रचनात्मक कार्यों से जुड़े युवाओं को सम्मानित कर नमस्कार फाउंडेशन ने एक सकारात्मक परंपरा की शुरुआत की है।
इस अवसर पर जीएनआईओटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष डॉ. राजेश गुप्ता ने कहा कि शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री देना नहीं, बल्कि जिम्मेदार, संवेदनशील और नवाचारी नागरिक तैयार करना है। उन्होंने कहा कि संस्थान शिक्षा, अनुसंधान और सामाजिक उत्तरदायित्व के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के लिए निरंतर कार्य कर रहा है।
जीएनआईओटी ग्रुप के मुख्य कार्यकारी अधिकारी स्वदेश कुमार सिंह ने कहा कि यह आयोजन प्रतिभा, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक योगदान का उत्सव है। उन्होंने विश्वास जताया कि ऐसे मंच युवाओं को नई पहचान देने के साथ समाज में सकारात्मक परिवर्तन की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
समारोह में प्रदेश के विभिन्न जनपदों से चयनित उत्कृष्ट रचनाकारों, नवाचारकर्ताओं एवं समाजसेवियों को "नमस्कार उत्तर प्रदेश राज्य सृजनकर्ता सम्मान–2026" से सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों ने इसे अपने जीवन का गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए भविष्य में समाज और राष्ट्रहित में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।
नमस्कार फाउंडेशन के सचिव उत्कर्ष नमो वत्स मिश्र ने कहा कि इस सम्मान का उद्देश्य समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाली प्रतिभाओं को पहचान और प्रोत्साहन देना है, ताकि नवाचार और सृजनशीलता को नई ऊर्जा मिल सके।
वहीं, फाउंडेशन के अध्यक्ष नवनीत शर्मा ने कहा कि संस्था शिक्षा, कौशल विकास, युवा सशक्तिकरण, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक समरसता के क्षेत्रों में लगातार कार्य कर रही है तथा यह सम्मान समारोह उसी अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है।
कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, उद्योग जगत, सामाजिक संगठनों, मीडिया संस्थानों तथा डिजिटल मंचों से जुड़े शिक्षाविदों, उद्यमियों, शोधार्थियों, विद्यार्थियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं की उल्लेखनीय भागीदारी रही। अंत में आयोजकों ने सभी अतिथियों, सम्मानित प्रतिभागियों, सहयोगी संस्थाओं और मीडिया प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में इस आयोजन को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक विस्तार देने का संकल्प दोहराया।
एक टिप्पणी भेजें