ग्रेटर नोएडा, / फेस वार्ता:अंसल गोल्फ लिंक-1 में सड़क निर्माण एवं अन्य विकास कार्यों को लेकर चल रहे विवाद के समाधान के लिए ग्रेटर नोएडा विकास प्राधिकरण में सोमवार को उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों पक्षों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी बात रखी, जिसके बाद अधिकारियों ने क्षेत्र के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
RWA परिचौक गोल्फ लिंक-1 के अध्यक्ष विनोद कसाना ने बताया कि अंसल गोल्फ लिंक-1 एक फ्रीहोल्ड कॉलोनी है, जहां प्रारंभिक विकास कार्य बिल्डर द्वारा कराए जाते थे। उनके अनुसार बाद में कॉलोनी के समुचित विकास और रखरखाव के उद्देश्य से स्थानीय निवासियों ने RWA परिचौक गोल्फ लिंक-1 का गठन किया, जो वर्तमान में विभिन्न विकास कार्य करा रही है।
बैठक में ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ACEO, OSD, महाप्रबंधक (GM), उप महाप्रबंधक (DGM), प्रबंधक सहित अन्य अधिकारियों ने दोनों पक्षों की बात सुनी। चर्चा के बाद अधिकारियों ने कॉलोनी के विकास कार्यों में बाधा न आने देने और आपसी सहयोग से समाधान निकालने पर बल दिया।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि प्राधिकरण के पास वर्तमान में अंसल गोल्फ लिंक-1 के व्यापक विकास कार्यों के लिए अलग से बजट उपलब्ध नहीं है। हालांकि, निवासियों द्वारा पूर्व में जमा कराई गई धनराशि से सीवर एवं ड्रेनेज की सफाई, जल निकासी व्यवस्था में सुधार तथा स्ट्रीट लाइट लगाने के लिए शीघ्र टेंडर प्रक्रिया शुरू की जाएगी। वहीं, सड़क निर्माण, पार्कों के रखरखाव तथा अन्य विकास कार्य RWA परिचौक गोल्फ लिंक-1 द्वारा किए जाने पर सहमति बनी।
बैठक के दौरान अधिकारियों ने सभी पक्षों से अपील की कि वे कॉलोनी के विकास कार्यों में सहयोग करें और किसी भी प्रकार की बाधा उत्पन्न न होने दें। अधिकारियों ने कहा कि प्राथमिकता क्षेत्र के विकास और निवासियों की सुविधाओं को मिलनी चाहिए।
RWA अध्यक्ष विनोद कसाना ने बैठक के सफल आयोजन और समाधान की दिशा में सहयोग के लिए ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने अंसल गोल्फ लिंक-1 के सभी निवासियों से विकास कार्यों में सहयोग करने और कॉलोनी के समग्र विकास में सहभागी बनने की अपील की।बैठक में RWA अध्यक्ष विनोद कसाना, उपाध्यक्ष हंसराज चौधरी, सचिव राजीव चौधरी, कोषाध्यक्ष वीर सिंह चौहान, सह सचिव दीपक जैन, विजेंद्र भाटी, कोसिंदर चौधरी, हिमांशु शर्मा, नीरज सिंह सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें