Top News

हर दिव्यांग में है असीम प्रतिभा'— बी.एल. वर्मा ने वितरित किए सहायक उपकरण, डॉ. जोशी ने शिक्षा और कौशल विकास पर दिया बल

लनोएडा/ फेस वार्ता, 18 जुलाई 2026। सेक्टर-122 स्थित कम्युनिटी हॉल में फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन के दूसरे स्थापना दिवस समारोह में दिव्यांग सशक्तिकरण, समावेशी शिक्षा और आत्मनिर्भर भारत का सशक्त संदेश देखने को मिला। केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण तथा सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्य मंत्री बी.एल. वर्मा ने जरूरतमंद दिव्यांगजनों को इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल, ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर वितरित करते हुए कहा कि केंद्र सरकार दिव्यांगजनों के सम्मान, अधिकार और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार ऐतिहासिक कदम उठा रही है।
कार्यक्रम में प्रख्यात शिक्षाविद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. मुरली मनोहर जोशी ने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तभी संभव है, जब दिव्यांगजनों की प्रतिभा को पहचानकर उन्हें शिक्षा, कौशल विकास और समान अवसर उपलब्ध कराए जाएं। उन्होंने कहा कि शारीरिक सीमाएं कभी भी प्रतिभा की राह में बाधा नहीं बन सकतीं और प्रत्येक दिव्यांगजन राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने की क्षमता रखता है।
समारोह में लगभग 40 सहायक उपकरण वितरित किए गए, जिनमें 10 इलेक्ट्रिक ट्राइसाइकिल, 10 ट्राइसाइकिल और 20 व्हीलचेयर शामिल थीं। इस दौरान विद्यार्थियों द्वारा तैयार की गई स्किल डेवलपमेंट प्रदर्शनी, हस्तशिल्प, रेजिन आर्ट, मिट्टी के उत्पाद और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। बच्चों की रचनात्मकता और आत्मनिर्भरता की सभी अतिथियों ने मुक्तकंठ से सराहना की।
कार्यक्रम में 'सेरेब्रल पाल्सी' विषय पर प्रकाशित पुस्तक का लोकार्पण, बच्चों की वार्षिक पत्रिका 'होराइजन' का विमोचन तथा फिजियोथेरेपी के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले विशेषज्ञों को 'अवार्ड ऑफ ऑनर' से सम्मानित किया गया। 'एक सम्मान मां के नाम' पहल के तहत दिव्यांग बच्चों की माताओं को भी सम्मानित किया गया।
फाउंडेशन के संस्थापक एवं निदेशक डॉ. महिपाल सिंह ने कहा कि संस्था का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को केवल उपचार तक सीमित रखना नहीं, बल्कि शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के माध्यम से उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।
समारोह के अंत में फर्स्ट वन रिहैब फाउंडेशन ने दिव्यांगजनों के पुनर्वास, समावेशी शिक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में अपने अभियान को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।

Post a Comment

और नया पुराने