Top News

GLBIMR का 16वाँ दीक्षांत समारोह: 2023–25 बैच के विद्यार्थियों को मिले डिप्लोमा, स्नेहा प्रज्वल ने जीता गोल्ड मेडल

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता भारत भूषण: जीएल बजाज इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड रिसर्च (GLBIMR) में पीजीडीएम बैच 2023–25 का 16वाँ दीक्षांत समारोह भव्य एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में विद्यार्थियों को डिप्लोमा प्रदान किए गए, जबकि शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए स्वर्ण, रजत एवं कांस्य पदकों से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उद्योग जगत के विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को नेतृत्व, नैतिकता और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का संदेश दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि जॉन डियर इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के प्रबंध निदेशक राजेश सिन्हा रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ शैक्षणिक शोभायात्रा (Academic Procession) और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ।
जीएल बजाज एजुकेशनल इंस्टीट्यूशन्स के उपाध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए सभी विद्यार्थियों को नई शुरुआत के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि जीएल बजाज का एलुमनाई नेटवर्क आज लंदन, दुबई सहित देश-विदेश के अनेक शहरों में सक्रिय है, जो विद्यार्थियों को वैश्विक स्तर पर करियर और नेटवर्किंग के अवसर उपलब्ध करा रहा है।
मुख्य अतिथि राजेश सिन्हा ने अपने प्रेरक संबोधन में कहा कि "दीक्षांत समारोह किसी यात्रा का अंत नहीं, बल्कि नई जिम्मेदारियों की शुरुआत है। नेतृत्व किसी पद का नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और विश्वास का प्रतीक होता है।" उन्होंने विद्यार्थियों से मजबूत मूल्य प्रणाली, नैतिकता, कौशल और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
संस्थान की निदेशक डॉ. सपना राकेश ने वार्षिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए शैक्षणिक उपलब्धियों, उद्योग-अकादमिक सहयोग, शोध, प्लेसमेंट, अंतरराष्ट्रीय सहभागिता और विद्यार्थियों की उल्लेखनीय सफलताओं की जानकारी दी।
दीक्षांत समारोह में पीजीडीएम बैच 2023–25 के सभी विद्यार्थियों को औपचारिक रूप से डिप्लोमा प्रदान किए गए। शैक्षणिक उत्कृष्टता के लिए स्नेहा प्रज्वल को स्वर्ण पदक, जया को रजत पदक तथा अखिल कुमार को कांस्य पदक देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित विद्यार्थियों का उपस्थित जनसमूह ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ अभिनंदन किया।
समारोह का समापन डॉ. भावना भारद्वाज के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इसके बाद विद्यार्थियों और उनके परिजनों ने इस यादगार उपलब्धि का उत्सव डीजे संगीत और रात्रिभोज के साथ मनाया।

Post a Comment

और नया पुराने