नोएडा, फेस वार्ता: नोएडा उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के तत्वावधान में 30 जुलाई को नोएडा में 'व्यापारी कल्याण दिवस' के अवसर पर प्रदेश स्तरीय व्यापारी महाकुंभ आयोजित किया जाएगा। आयोजन में उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से हजारों व्यापारियों के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर सेक्टर-22 स्थित कार्यालय में संगठन की प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी की रणनीतिक बैठक आयोजित की गई, जिसमें तैयारियों की समीक्षा और जिम्मेदारियों का वितरण किया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने बताया कि यह महाकुंभ व्यापारियों की समस्याओं, जीएसटी सुधार, सुरक्षा, व्यापारिक नीतियों और व्यापारी कल्याण से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा का महत्वपूर्ण मंच बनेगा।
केंद्रीय मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधि रहेंगे शामिल
आयोजकों के अनुसार कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना, पश्चिम क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, गौतम बुद्ध नगर के सांसद डॉ. महेश शर्मा, नोएडा विधायक पंकज सिंह, विधायक विनय वर्मा, विमला बाथम, कैप्टन विकास गुप्ता, महेश चौहान तथा अभिषेक शर्मा सहित अनेक जनप्रतिनिधियों के शामिल होने की संभावना है।
इसके अलावा गौतम बुद्ध नगर के पुलिस कमिश्नर, जिलाधिकारी, जीएसटी कमिश्नर तथा जॉइंट कमिश्नर सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों को भी आमंत्रित किया गया है।
डॉ. पल्लवी शर्मा को मिलेगा 'महिला सशक्तिकरण पुरस्कार-2026'
रणनीतिक बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि समाज सेवा एवं महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए डॉ. पल्लवी शर्मा को 'महिला सशक्तिकरण पुरस्कार-2026' से सम्मानित किया जाएगा। यह सम्मान कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी के करकमलों से प्रदान किया जाएगा।
प्रदेश और जिला कार्यकारिणी ने संभाली तैयारियों की कमान
बैठक में संगठन के संस्थापक मूलचंद गुप्ता, चेयरमैन नवनीत गुप्ता सहित प्रदेश एवं जिला कार्यकारिणी के अनेक पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाने और अधिकाधिक व्यापारियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया।व्यापारिक मुद्दों पर होगा व्यापक मंथन
बैठक के अंत में वक्ताओं ने कहा कि 30 जुलाई का व्यापारी महाकुंभ केवल एक सम्मेलन नहीं, बल्कि व्यापारियों के अधिकारों, जीएसटी से जुड़ी जटिलताओं, सुरक्षा, व्यापारिक सुविधाओं और कल्याणकारी योजनाओं पर नीति स्तर की चर्चा का महत्वपूर्ण मंच बनेगा। आयोजन को ऐतिहासिक बनाने के लिए प्रदेशभर के व्यापारी संगठनों से सक्रिय सहयोग की अपील भी की गई।
एक टिप्पणी भेजें