दादरी/ग्रेटर नोएडा, फेस वार्ता भारत भूषण शर्मा: समाजवादी पार्टी की ओर से निकाली जा रही 'दादरी परिवर्तन यात्रा' (साइकिल यात्रा) लगातार ग्रामीण क्षेत्रों में जनसंपर्क अभियान के साथ आगे बढ़ रही है। पार्टी के अनुसार, समाजवादी युवजन सभा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष अक्षय चौधरी (बिसरख) के नेतृत्व में यात्रा अब तक दादरी विधानसभा के 165 गांवों तक पहुंच चुकी है। यात्रा मंगरौली, छपरौली, ऐमनाबाद, चौगानपुर और हबीबपुर डेरिन सहित कई गांवों से होकर गुजरी, जहां ग्रामीणों ने विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया।
पार्टी का दावा है कि यात्रा को सर्वसमाज का व्यापक समर्थन मिल रहा है। विभिन्न गांवों में आयोजित स्वागत कार्यक्रमों में राजपूत समाज ने तलवार भेंट कर सम्मान किया, जबकि गुर्जर समाज ने पगड़ी पहनाकर स्वागत किया। इसके अलावा ब्राह्मण, दलित, मुस्लिम सहित अन्य समाजों के लोगों ने भी फूल-मालाओं से स्वागत कर अपना समर्थन व्यक्त किया।
डेरिन में आयोजित हुई जनसभा
हबीबपुर डेरिन गांव में परिवर्तन यात्रा के स्वागत के अवसर पर आयोजित जनसभा में सरधना विधायक अतुल प्रधान, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी तथा पूर्व जिलाध्यक्ष वीर सिंह यादव सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। नेताओं ने सभा को संबोधित करते हुए पार्टी की नीतियों और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
गांव-गांव पहुंच रहा बदलाव का संदेश
जनसंवाद के दौरान अक्षय चौधरी ने कहा कि दादरी विधानसभा की जनता बदलाव का मन बना चुकी है और समाजवादी पार्टी किसानों, युवाओं, महिलाओं, व्यापारियों एवं मजदूरों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने यात्रा को सफल बनाने वाले ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान अब जनविश्वास और परिवर्तन के संकल्प का प्रतीक बन गया है।
यात्रा के दौरान बबली भाटी, प्रशांत भाटी, हैप्पी पंडित, दीपक नागर, सुमित पंडित, गौरव यादव, लोकेश भाटी, विकास जतन, नरेंद्र भाटी, मनदीप भाटी, जितेश प्रधान, अंकित चौहान, अमित अवाना सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे।
(नोट: यह समाचार समाजवादी पार्टी द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति एवं दावों पर आधारित है।)
एक टिप्पणी भेजें