ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता भारत शर्मा: पर्यावरण सप्ताह के अवसर पर रायन इंटरनेशनल स्कूल, ग्रेटर नोएडा के मोंटेसरी विंग के छात्रों ने आनंद आश्रय सोसाइटी में उत्साहपूर्वक वृक्षारोपण अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम, पर्यावरण संरक्षण की भावना और सामाजिक जिम्मेदारी का विकास करना था।
इस दौरान नन्हे छात्र अपने साथ विभिन्न प्रजातियों के पौधे लेकर पहुंचे और सोसाइटी परिसर में उनका रोपण किया। शिक्षकों के मार्गदर्शन में बच्चों ने पेड़ों के महत्व, उनकी देखभाल और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी प्राप्त की। बच्चों का उत्साह और ऊर्जा इस अभियान का मुख्य आकर्षण रहा।
कार्यक्रम में आनंद आश्रय सोसाइटी के सम्मानित आरडब्ल्यूए (RWA) सदस्यों के साथ रिटायर्ड कर्नल राजपाल सिंह सूरी भी उपस्थित रहे। उन्होंने बच्चों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पर्यावरण संरक्षण की सीख बचपन से ही दी जाए तो आने वाली पीढ़ियां प्रकृति के प्रति अधिक संवेदनशील और जिम्मेदार बनेंगी।
वृक्षारोपण के बाद छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण को समर्पित 'ग्रीन अवेयरनेस मार्च' निकाला। इको-फ्रेंडली हेडगियर पहनकर और हाथों में पौधे लेकर बच्चों ने पूरे परिसर में जागरूकता रैली निकाली तथा "पर्यावरण को स्वच्छ और हरा-भरा रखें", "प्रकृति से प्यार करें, पेड़ बचाएं", "हरियाली अपनाएं, स्वच्छता पाएं" और "हरियाली अपनाएं, जीवन बचाएं" जैसे प्रेरक नारों से लोगों को पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रेरित किया।
यह अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों में प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी, संवेदनशीलता और हरित भविष्य के निर्माण का संकल्प भी मजबूत किया। रायन इंटरनेशनल स्कूल का यह प्रयास समाज को यह संदेश देता है कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और हरित भविष्य की अमूल्य धरोहर है।
एक टिप्पणी भेजें