Top News

केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), गौतमबुद्धनगर परिसर में माटीकला जागरूकता कार्यक्रम सम्पन्न।

गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता 29 जुलाई, 2026: उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड के स्थापना पखवाड़ा के अंतर्गत केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी), गौतमबुद्धनगर परिसर में जिला ग्रामोद्योग विभाग द्वारा माटीकला जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिला अग्रणी प्रबंधक, गौतमबुद्धनगर, निदेशक केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, वरिष्ठ काउंसलर वित्तीय साक्षरता केंद्र, गौतमबुद्धनगर, जिला ग्रामोद्योग अधिकारी गौतमबुद्धनगर ज्योति रानी, प्रबंधक पारस भाटिया, अनुदेशक मनोज कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, उद्यमी एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं द्वारा प्रतिभाग किया।
      कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं, ऋण सुविधाओं, अनुदान एवं स्वरोजगार के अवसरों की विस्तृत जानकारी प्रतिभागियों को प्रदान की गई। जिला ग्रामोद्योग अधिकारी ज्योति रानी ने माटीकला बोर्ड की योजनाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र युवाओं एवं कारीगरों से इन योजनाओं का लाभ उठाकर स्वरोजगार स्थापित करने का आह्वान किया।
      प्रबंधक पारस भाटिया ने मुख्यमंत्री माटीकला रोजगार योजना एवं निःशुल्क टूल किट वितरण योजना की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर वित्तीय साक्षरता केंद्र के वरिष्ठ काउंसलर उमाकांत यादव ने बैंकिंग सेवाओं, वित्तीय योजनाओं तथा डिजिटल लेनदेन के दौरान होने वाली धोखाधड़ी से बचाव के उपायों के संबंध में प्रतिभागियों को जागरूक किया। जिला अग्रणी प्रबंधक ने विभिन्न बैंकिंग योजनाओं की जानकारी देते हुए युवाओं को अपना उद्योग स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।
      कार्यक्रम में माटीकला रोजगार योजना से लाभान्वित उद्यमी राधा ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि किस प्रकार उन्होंने माटीकला उद्योग के माध्यम से स्वरोजगार स्थापित कर सफलता प्राप्त की। वहीं उद्यमी देवीराम ने विद्युत चालित चाक के माध्यम से मिट्टी के विभिन्न आकर्षक बर्तनों का सजीव प्रदर्शन कर प्रतिभागियों को माटीकला निर्माण की प्रक्रिया से अवगत कराया। निदेशक, केनरा बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान, गौतमबुद्धनगर ने सभी प्रतिभागियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम का समापन किया।

Post a Comment

और नया पुराने