लखनऊ/जेवर, फेस वार्ता: 12 अगस्त। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के निकट पार्किंग स्थल पर बारिश के बाद हुए जलभराव को लेकर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने बुधवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था की समीक्षा करने, कमियों को चिन्हित कर तत्काल सुधार कराने और जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि “जिन्हें जेवर का अभूतपूर्व विकास दिखाई नहीं देता, उन्हें केवल गड्ढे और जलभराव नजर आ रहे हैं।” उन्होंने कहा कि बारिश के बाद उत्पन्न जलभराव को लेकर विपक्ष राजनीति कर रहा है और प्रदेश में तेजी से हो रहे विकास कार्यों से जनता का ध्यान भटकाने का प्रयास किया जा रहा है।
एयरपोर्ट, सड़कें और निवेश नहीं दिखता—सिर्फ जलभराव नजर आता है
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि बारिश के बाद विपक्ष को जेवर में गड्ढे और जलभराव दिखाई दे रहे हैं, लेकिन इसी क्षेत्र में खड़ा हो रहा नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, विश्वस्तरीय सड़कें, औद्योगिक निवेश और युवाओं के लिए पैदा हो रहे रोजगार के अवसर दिखाई नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि एक समय जेवर क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से काफी दूर था, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में आज जेवर उत्तर प्रदेश के बदलते औद्योगिक और आर्थिक स्वरूप का प्रमुख केंद्र बन रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट ने जेवर को देश और दुनिया के मानचित्र पर नई पहचान दिलाई है।
‘जिनके शासनकाल में एयरपोर्ट कागजों तक सीमित रहा, वे आज कर रहे राजनीति’
जेवर विधायक ने विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि जिन लोगों के शासनकाल में एयरपोर्ट का मुद्दा वर्षों तक चर्चा और कागजों तक सीमित रहा, आज वही लोग एयरपोर्ट के आसपास बारिश के पानी को लेकर राजनीति कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि विपक्ष को जेवर में हो रहा विकास और उत्तर प्रदेश की बदलती तस्वीर स्वीकार नहीं हो रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जलभराव या किसी भी तकनीकी कमी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा और जहां भी कमी सामने आएगी, उसे दूर कराया जाएगा।
‘विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, हम विकास की नई इबारत लिखते रहेंगे’
विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि संबंधित अधिकारियों को जल निकासी व्यवस्था की पूरी समीक्षा कर आवश्यक सुधार करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि “विपक्ष तस्वीरों में गड्ढे खोजता रहे, हम जेवर में विकास की नई इबारत लिखते रहेंगे।”
उन्होंने कहा कि कुछ समय के जलभराव को जेवर और उत्तर प्रदेश में हो रहे ऐतिहासिक विकास पर पर्दा डालने का माध्यम नहीं बनने दिया जाएगा। जल निकासी से जुड़ी कमियों को दूर कर स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी, ताकि भविष्य में ऐसी स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो।
विधायक ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि समस्या का केवल तात्कालिक समाधान न किया जाए, बल्कि जल निकासी की व्यवस्था को स्थायी रूप से बेहतर बनाया जाए।
एक टिप्पणी भेजें