Top News

पन्नाधाय की जाति बदलने पर गुर्जर समाज में आक्रोश, प्रधानमंत्री के नाम कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: अखिल भारतीय गुर्जर महासभा 1908 ने केंद्रीय प्रकाशन में किए गए उल्लेख को बताया इतिहास के साथ खिलवाड़, संशोधन की मांग
ग्रेटर नोएडा। माँ पन्नाधाय की जाति को लेकर प्रकाशित एक पुस्तक में किए गए उल्लेख के विरोध में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा 1908, गौतमबुद्ध नगर ने आवाज उठाई है। महासभा के प्रतिनिधिमंडल ने प्रदेश संगठन महामंत्री अमरजीत चौधरी के नेतृत्व में भारत के प्रधानमंत्री के नाम गौतमबुद्ध नगर के कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर पुस्तक में किए गए उल्लेख को संशोधित करने की मांग की।
महासभा के जिला अध्यक्ष पंचशील गुर्जर ने बताया कि केंद्र सरकार के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय द्वारा प्रकाशित पुस्तक 'भारत के नारी रत्न', प्रकाशन वर्ष 2022, के पृष्ठ संख्या 8 पर राजस्थान की महान त्याग और बलिदान की प्रतीक माँ पन्नाधाय की जाति 'खीची राजपूत' दर्शाई गई है। महासभा ने इसे इतिहास के साथ बड़ा खिलवाड़ बताते हुए कड़ी आपत्ति जताई है।
पंचशील गुर्जर ने कहा कि माँ पन्नाधाय के त्याग, बलिदान और देशभक्ति का इतिहास देश के लिए प्रेरणादायी है। ऐसे में उनकी जाति को लेकर सरकारी प्रकाशन में अलग उल्लेख किए जाने से गुर्जर समाज में रोष व्याप्त है।
राजस्थान के पैनोरमा और मूर्तियों में गुर्जर समाज का दावा
महासभा पदाधिकारियों का कहना है कि पाण्डोली चित्तौड़गढ़ पैनोरमा, कैमरी राजसमंद पैनोरमा तथा गोवर्धन विलास उदयपुर के पैनोरमा, पार्क एवं मूर्तियों सहित राजस्थान सरकार द्वारा प्रमाणित इतिहास में पन्नाधाय की जाति गुर्जर अंकित होने का उल्लेख मिलता है।
महासभा ने सवाल उठाते हुए कहा कि जब राजस्थान में स्थापित पैनोरमा, पार्क और मूर्तियों में पन्नाधाय से संबंधित इतिहास में गुर्जर समाज का उल्लेख किया गया है, तो केंद्रीय प्रकाशन में उनकी जाति को अलग तरीके से दर्शाया जाना गंभीर विषय है।
प्रतिनिधिमंडल ने प्रधानमंत्री के नाम सौंपे ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि पुस्तक में प्रकाशित इस उल्लेख की जांच कराई जाए और ऐतिहासिक तथ्यों के अनुरूप आवश्यक संशोधन किया जाए।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी रहे मौजूद
ज्ञापन सौंपने वाले प्रतिनिधिमंडल में प्रदेश महामंत्री चैनपाल प्रधान, प्रदेश उपाध्यक्ष संजय भैया, देवेंद्र कसाना, प्रदेश कोषाध्यक्ष रवि तोंगड़, जिला प्रभारी बबलू गुर्जर, क्षेत्रीय महामंत्री अरविंद भाटी, नोएडा महानगर अध्यक्ष सुशील अवाना, डॉ. राकेश चपराना, रतिपाल नागर, सचिन तोंगड़, महेश भाटी, विकास गुर्जर और सोनू गुर्जर सहित महासभा के पदाधिकारी एवं समाज के प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने