Top News

‘योगी-मोदी राज में निडर होकर व्यापार कर रहे व्यापारी’: कैलाश सिंह राजपूत

नोएडा/ फेस वार्ता: संवाददाता: स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर बुधवार को सेक्टर-115 स्थित उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश कार्यालय में देशभक्ति का अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। उत्तर प्रदेश सरकार के ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत के मुख्य आतिथ्य में ढोल-नगाड़ों की थाप के बीच भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई।
कार्यालय पहुंचने पर व्यापार मंडल के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने ऊर्जा राज्य मंत्री का फूल-मालाओं और पटका पहनाकर भव्य स्वागत किया। पूरे परिसर में देशभक्ति के नारों और राष्ट्रीय ध्वज की मौजूदगी ने माहौल को उत्साह और राष्ट्रप्रेम से भर दिया।
‘2017 से पहले भय का माहौल था, अब विदेशी निवेश से चमक रहा प्रदेश’
व्यापारियों को संबोधित करते हुए ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में व्यापारी वर्ग की महत्वपूर्ण भूमिका है।
उन्होंने कहा, “योगी और मोदी सरकार में व्यापारी पूरी तरह निडर होकर काम कर रहा है। 2017 से पहले उत्तर प्रदेश में व्यापारियों में भय का माहौल था, लेकिन आज परिस्थितियां पूरी तरह बदल चुकी हैं। अब व्यापारी एकजुट होकर और भारी विदेशी निवेश के साथ प्रदेश के विकास में भागीदार बन रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश तेजी से देश के सबसे सुरक्षित और समृद्ध राज्यों में शामिल होने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
‘तिरंगा हमारी आन, बान और शान है’: महेश चौहान
कार्यक्रम में उपस्थित नोएडा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान ने व्यापारियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार हमेशा व्यापारियों के हितों की रक्षा के लिए संकल्पबद्ध है। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमारी आन, बान और शान है और प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रहित की भावना के साथ ऐसी यात्राओं में भाग लेना चाहिए।
महेश चौहान ने उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल द्वारा व्यापारियों के हित में किए जा रहे सामाजिक एवं संगठनात्मक कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर उनके साथ मंडल की विभिन्न टीमें भी कार्यालय में मौजूद रहीं।
ढोल-नगाड़ों के बीच निकली तिरंगा यात्रा, गूंजे देशभक्ति के नारे
संबोधन के बाद ऊर्जा राज्य मंत्री कैलाश सिंह राजपूत ने तिरंगा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ढोल-नगाड़ों के साथ निकली यात्रा में मंत्री स्वयं पैदल शामिल हुए और हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर “भारत माता की जय”, “जय हिंद” और “वंदे मातरम” के गगनभेदी नारे लगाए।
इस दौरान उन्होंने अमर शहीदों और वीर सपूतों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि आज देश जिस स्वतंत्रता का आनंद ले रहा है, वह वीर शहीदों के अनगिनत बलिदानों का परिणाम है।
बिजली समस्याओं को लेकर ऊर्जा राज्य मंत्री को सौंपा ज्ञापन
कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने ऊर्जा राज्य मंत्री का स्वागत किया और क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति से जुड़ी विभिन्न समस्याओं से उन्हें अवगत कराया। उन्होंने समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर मंत्री को ज्ञापन भी सौंपा।
विकास जैन ने कहा कि व्यापारी वर्ग सरकार के साथ मिलकर क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह तत्पर है।
ज्ञापन पर ऊर्जा राज्य मंत्री ने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि उठाई गई विद्युत संबंधी समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराया जाएगा तथा क्षेत्र में बिजली आपूर्ति और तकनीकी समस्याओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
सैकड़ों व्यापारी और शहरवासी रहे मौजूद
तिरंगा यात्रा एवं स्वागत समारोह में प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष अमर सिंह चौहान, वरिष्ठ उपाध्यक्ष मोहनलाल गुप्ता, महामंत्री राजेश जिंदल, प्रदेश मंत्री सुनील सिंघानिया, शक्ति सिंह, अमित गोयल, शिवा चौहान, श्रीमती नेहा जैन, श्रीमती चारु जैन, मशहूर उद्योगपति पीयूष त्रिपाठी, पीजी एसोसिएशन से नितिन अग्रवाल, अजय सोनी, निशांत सारस्वत, आशुतोष, दीपक मस्ताना, जयंत झा, कुलदीप सिंह, रोशनी सिंह, आरती कोचर, लालिमा सिंह एवं रामकिशन यादव सहित सैकड़ों व्यापारी एवं शहरवासी मौजूद रहे।
पूरे कार्यक्रम के दौरान राष्ट्रीय ध्वज हाथों में लिए व्यापारियों और नागरिकों ने देशभक्ति के नारों के साथ स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या को यादगार बना दिया। इस बात की जानकारी   उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने दी 

Post a Comment

और नया पुराने