ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता, 18 अक्टूबर। श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा की ओर से साइट-4 स्थित रामलीला मैदान में आयोजित विजय महोत्सव 2026 में शनिवार को रामायण के महत्वपूर्ण प्रसंगों का भव्य मंचन किया गया। शबरी उद्धार, राम-सुग्रीव मित्रता, बाली वध, सीता की खोज, हनुमान-रावण संवाद और लंका दहन की लीला ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। विशेष रूप से हनुमान जी द्वारा लंका दहन के रोमांचक दृश्य ने दर्शकों में उत्साह भर दिया और पूरा रामलीला मैदान जय श्रीराम के जयकारों से गूंज उठा।
कार्यक्रम का शुभारंभ गणेश वंदना से हुआ। कमेटी के अध्यक्ष मनजीत सिंह ने बताया कि मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद सुरेंद्र नागर एवं भाजपा के राष्ट्रीय मंत्री जेपी छाबड़ा ने दीप प्रज्ज्वलित कर रामलीला मंचन का शुभारंभ किया। इस अवसर पर अतिथियों ने रामलीला कमेटी की आयोजन व्यवस्था और कलाकारों के शानदार मंचन की सराहना की।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में जॉइंट सीपी लॉ एंड ऑर्डर राजीव नारायण मिश्र, नोएडा एयरपोर्ट के नोडल अधिकारी शैलेंद्र भाटिया, डीसीपी-3 एसके सिंह, बिलासपुर के चेयरमैन संजय चेची और एडवोकेट रामशरण नागर सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। प्रायोजकों में रामवतार अग्रवाल, मूलचंद शर्मा, पंकज अग्रवाल, धनपाल सिंह, अनुज सिंघल और पल्लव मांगलिक शामिल रहे। सभी अतिथियों ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।
हनुमान-रावण संवाद और लंका दहन रहा मुख्य आकर्षण
कमेटी के कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग ने बताया कि शनिवार की लीला में रामायण के कई महत्वपूर्ण प्रसंगों का मंचन किया गया। माता सीता की खोज में निकले हनुमान जी लंका पहुंचे और अशोक वाटिका में माता सीता से भेंट कर उन्हें भगवान श्रीराम का संदेश दिया। इसके बाद रावण के दरबार में हनुमान जी और रावण के बीच तीखा संवाद हुआ।
रावण के आदेश पर हनुमान जी की पूंछ में आग लगाई गई, लेकिन हनुमान जी ने अपनी अद्भुत शक्ति और पराक्रम से पूरी लंका में आग लगा दी। लंका दहन के इस दृश्य को कलाकारों ने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया, जिसे देखकर दर्शक रोमांचित हो उठे। इस प्रसंग ने अधर्म पर धर्म की विजय और अन्याय के अंत का संदेश दिया।
कमेटी के महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य ने कहा कि रामलीला के माध्यम से भगवान श्रीराम की मर्यादा, हनुमान जी की अद्भुत भक्ति, साहस और समर्पण को दर्शाया गया। शबरी उद्धार, राम-सुग्रीव मित्रता और बाली वध जैसे प्रसंगों ने भी दर्शकों को धर्म, निष्ठा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी।
नवाब सिंह नागर और श्रीचंद शर्मा ने किया भगवान श्रीराम के आदर्शों का गुणगान
कार्यक्रम में भाजपा के पश्चिम उत्तर प्रदेश क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर और भाजपा एमएलसी श्रीचंद शर्मा भी पहुंचे। दोनों नेताओं ने भगवान श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण किया और उपस्थित दर्शकों को संबोधित किया। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों, मर्यादा और जीवन मूल्यों का उल्लेख करते हुए सनातन धर्म की महत्ता पर प्रकाश डाला। साथ ही श्री रामलीला कमेटी की ओर से आयोजित भव्य विजय महोत्सव की सराहना करते हुए आयोजकों को बधाई दी।
19 अक्टूबर को होगा लक्ष्मण शक्ति और कुंभकर्ण वध का मंचन
कमेटी के संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल ने बताया कि 19 अक्टूबर को होने वाली रामलीला में विभीषण आगमन, सेतु बंधन, अंगद-रावण संवाद, लक्ष्मण शक्ति और कुंभकर्ण वध के प्रसंगों का मंचन किया जाएगा। इन दृश्यों में भगवान श्रीराम की सेना के लंका की ओर कूच करने, अंगद द्वारा रावण को समझाने के प्रयास और राम-रावण युद्ध से जुड़े रोमांचक प्रसंग प्रस्तुत किए जाएंगे।
मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि श्री रामलीला कमेटी, ग्रेटर नोएडा पिछले 21 वर्षों से विजय महोत्सव के अंतर्गत रामलीला का आयोजन करती आ रही है। कमेटी प्रत्येक वर्ष मंचन को और अधिक आकर्षक एवं भव्य बनाने का प्रयास करती है।
रामलीला के साथ मेले में उमड़ रहे दर्शक
विजय महोत्सव के अंतर्गत रामलीला मैदान में भव्य मेले का भी आयोजन किया गया है। मेले में खानपान के विभिन्न स्टॉल, घरेलू उपयोग की वस्तुओं की दुकानें, बच्चों के लिए झूले, सर्कस, जादू और मनोरंजन के अनेक साधन उपलब्ध हैं। आयोजन स्थल पर पुलिस-प्रशासन के सहयोग से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं।
कार्यक्रम में अध्यक्ष मनजीत सिंह, महासचिव बिजेंद्र सिंह आर्य, कोषाध्यक्ष मनोज गर्ग, संयुक्त महासचिव सौरभ बंसल, मीडिया प्रभारी विनोद कसाना, धर्मपाल भाटी, हरेन्द्र भाटी, कुलदीप शर्मा, मुकेश शर्मा, केके शर्मा, मुकुल गोयल, सुभाष चंदेल, वेदु भाटी, अमित गोयल, अतुल जिंदल, गिरीश जिंदल, श्यामवीर भाटी, मनोज यादव, अनिल कसाना, सुनील प्रधान, अनुज उपाध्याय, अतुल जैन, अरुण गुप्ता, अंकुर गर्ग, विशाल जैन, उमंग, दीपक भाटी, प्रभाकर देशमुख, विकास आर्य, रिंकू आर्य और प्रमोद मास्टर सहित कमेटी के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें