Top News

आईटीएस डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर विशेष कार्यक्रम आयोजित।

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आईटीएस डेंटल कॉलेज, ग्रेटर नोएडा में एक विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान, उनकी उपलब्धियों और समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका को सम्मानित करना तथा लैंगिक समानता के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। कार्यक्रम में संस्थान की महिला शिक्षकों, छात्राओं और महिला कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
इस अवसर पर संस्थान के प्रधानाचार्य डॉ. सचित आनंद अरोरा ने सभी महिला कर्मचारियों एवं छात्राओं को महिला दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, विज्ञान, प्रशासन सहित अनेक क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा और मेहनत के बल पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि संस्थान हमेशा से महिलाओं की शिक्षा और सशक्तिकरण के लिए प्रतिबद्ध रहा है। कॉलेज में छात्राओं को उच्च गुणवत्ता की शिक्षा, सुरक्षित वातावरण और अपने कौशल को विकसित करने के लिए विभिन्न अवसर प्रदान किए जाते हैं।
डॉ. अरोरा ने बताया कि संस्थान में 80 प्रतिशत से अधिक छात्राएं अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां विशेषकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़कर नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिला दिवस हमें महिलाओं की उपलब्धियों और योगदान को सम्मानित करने का अवसर देता है। ऐसे कार्यक्रम छात्राओं को और अधिक सशक्त और आत्मनिर्भर बनने की प्रेरणा देते हैं।
इस अवसर पर आईटीएस द एजूकेशन ग्रुप के वाइस चेयरमैन श्री सोहिल चड्ढा ने अपने बधाई संदेश में कहा कि देश और समाज को आगे बढ़ाने में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। आज महिलाएं शिक्षा, चिकित्सा और प्रशासनिक क्षेत्रों में पुरुषों के समान कंधे से कंधा मिलाकर कार्य कर रही हैं और राष्ट्र निर्माण में अहम योगदान दे रही हैं।

Post a Comment

और नया पुराने