Top News

जनपद गौतमबुद्धनगर में आगामी 14 मार्च 2026 को जनपद मुख्यालय स्थित दीवानी न्यायालय तथा सभी तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा।

ग्रेटर नोएडा/गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: जनपद गौतमबुद्धनगर में आगामी 14 मार्च 2026 को जनपद मुख्यालय स्थित दीवानी न्यायालय तथा सभी तहसील न्यायालयों में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाएगा। इस लोक अदालत में विभिन्न प्रकार के मामलों का आपसी सुलह-सहमति के आधार पर त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण किया जाएगा।
राष्ट्रीय लोक अदालत में दीवानी वाद, वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, दाखिल-खारिज व भूमि पट्टा से जुड़े मामले, बेगार श्रम संबंधी प्रकरण, शमनीय प्रकृति के फौजदारी वाद, बैंक ऋण प्रकरण, राजस्व संबंधी मामले, वन भूमि विवाद, भूमि अर्जन से जुड़े वाद तथा मोटर वाहन दुर्घटना मुआवजा दावे सहित अन्य मामलों का समाधान किया जाएगा।
लोक अदालत में अधिकतम वादों के निस्तारण को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जनपद न्यायाधीश गौतमबुद्धनगर अतुल श्रीवास्तव के निर्देश पर अपर जिला जज/विशेष न्यायाधीश (एसटी एक्ट) एवं नोडल अधिकारी राष्ट्रीय लोक अदालत सोमप्रभा मिश्रा की अध्यक्षता में न्यायालय सभागार में जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए नोडल अधिकारी ने कहा कि आम नागरिकों को सरल, सस्ता और त्वरित न्याय उपलब्ध कराने के उद्देश्य से राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया जाता है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों से अपने-अपने विभागों से संबंधित मामलों का पूर्व चिन्हांकन कर समयबद्ध तैयारी सुनिश्चित करने को कहा, ताकि 14 मार्च को अधिक से अधिक मामलों का निस्तारण संभव हो सके।
उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित विभाग अपने अधीन लंबित मामलों की पहचान कर उनकी तैयारी तुरंत शुरू करें। इस क्रम में पुलिस एवं ट्रैफिक विभाग, एनपीसीएल, जिला लीड बैंक प्रबंधक, जिला पूर्ति विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों को भी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही लोक अदालत के बारे में व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया गया, ताकि अधिक से अधिक वादकारी इसका लाभ उठा सकें।
बैठक में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव शिवानी त्यागी, एडीसीपी (मुख्यालय) पूनम मिश्रा, एसीपी ट्रैफिक शकील मोहम्मद, मुख्य लेखा अधिकारी सुनील यादव, लेखाधिकारी सतीश चौहान, एएलडीएम, एनपीसीएल तथा जिला पूर्ति विभाग सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने