Top News

निर्दोषों की रिहाई को लेकर, भाकियू (बलराज) 28 मार्च को दादरी थाने का घेराव!

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा के कैमराला चक्रसैनपुर स्थित राष्ट्रीय कैंप कार्यालय पर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) की एक आपातकालीन बैठक बुधवार को आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व राष्ट्रीय अध्यक्ष बलराज भाटी ने किया, जिसमें में संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बैठक को संबोधित करते हुए बलराज भाटी ने बताया कि 23 जनवरी 2026 को गांव जगनपुर से रामपुर फतेहपुर में हुई मारपीट की घटना में करीब 50 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया, जबकि वास्तविक रूप से 5-7 लोग ही झगड़े में शामिल थे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस प्रशासन को वास्तविक स्थिति की जानकारी होने के बावजूद कई निर्दोष लोगों को झूठे मुकदमों में फंसा कर जेल भेज दिया गया है।
उन्होंने कहा कि इस घटना के चलते कई परिवार प्रभावित हुए हैं। निर्दोष लोग जेल में बंद हैं, जबकि कुछ लोग अपने परिवार सहित इधर-उधर भटकने को मजबूर हैं। इससे बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। भाटी ने स्पष्ट कहा कि दोषियों को सजा मिलनी चाहिए, लेकिन निर्दोषों को सजा देना न्याय के खिलाफ है।उन्होंने यह भी बताया कि पहले 6 फरवरी को दादरी थाने के घेराव का आह्वान किया गया था, जिस दौरान एडीसीपी सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे थे। उस समय प्रशासन द्वारा निर्दोषों की रिहाई और मुकदमे खत्म करने का आश्वासन दिया गया था, जिसके बाद आंदोलन स्थगित कर दिया गया था। लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
इसी के विरोध में बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 28 मार्च को दादरी थाने, डीसीपी ग्रेटर नोएडा कार्यालय और गौतमबुद्धनगर कमिश्नर कार्यालय का घेराव कर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन विस्तार और नई नियुक्तियां
बैठक के दौरान संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण नियुक्तियां भी की गईं। योगेश वैष्णव को उनकी कार्यशैली और समर्पण को देखते हुए गौतमबुद्धनगर जिलाध्यक्ष से पदोन्नत कर उत्तर प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया। उनके स्थान पर छिज्जू पहलवान को नया जिलाध्यक्ष नियुक्त किया गया।
इसके अलावा राजेंद्र भाटी को तहसील अध्यक्ष सदर, सुमित भाटी को तहसील उपाध्यक्ष, जीतराम भाटी को जिला प्रवक्ता और ओमबीर भाटी को जिला प्रचार मंत्री बनाया गया।
बैठक में रेखा सिवाल, एडवोकेट ठाकुर विजय प्रताप सिंह, शौकत अली चेची, जितेंद्र सिंह, कर्मवीर खारी, सोनू खारी, प्रवीण चौहान, जतन भाटी, हेमंत पंडित सहित कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने