रबूपुरा यीडा/फेस वार्ता। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर रबूपुरा स्थित रामोत्सव मैदान में शनिवार को विशाल योग समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हजारों लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वस्थ और निरोग जीवन का संदेश दिया। आयोजन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों, महिलाओं, युवाओं और सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी ने इसे जनआंदोलन का स्वरूप प्रदान कर दिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने योगाभ्यास में भाग लेते हुए कहा कि योग भारत की प्राचीन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जिसने आज पूरी दुनिया को स्वास्थ्य और संतुलित जीवन का मार्ग दिखाया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग आज वैश्विक पहचान बन चुका है और करोड़ों लोग इसे अपने जीवन का हिस्सा बना रहे हैं।उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि यह मानसिक शांति, आत्मिक ऊर्जा और सकारात्मक सोच का भी आधार है। आज की तनावपूर्ण जीवनशैली में योग व्यक्ति को स्वस्थ और संतुलित बनाए रखने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
युवाओं से विशेष अपील करते हुए विधायक ने कहा कि योग को सिर्फ एक दिवस का कार्यक्रम न मानें, बल्कि इसे अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करें। यदि हर परिवार प्रतिदिन कुछ समय योग के लिए समर्पित करे तो एक स्वस्थ, सशक्त और जागरूक समाज का निर्माण संभव है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में शैलेन्द्र भाटिया भी मौजूद रहे। उन्होंने योग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों को नियमित योगाभ्यास अपनाने के लिए प्रेरित किया।
सामूहिक योगाभ्यास के दौरान पूरे रामोत्सव मैदान में उत्साह, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा का माहौल देखने को मिला। कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित योग करने का संकल्प लिया।
एक टिप्पणी भेजें