गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता:भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान एवं प्रेरणा से "वसुधैव कुटुम्बकम" की भावना को सशक्त बनाने तथा संपूर्ण मानवता के कल्याण के उद्देश्य से "योग फॉर हेल्दी एजिंग" थीम पर आधारित 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन जनपद गौतमबुद्धनगर में पूरे उत्साह, उमंग एवं भव्यता के साथ किया गया। जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित योग कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, विद्यार्थियों एवं आम नागरिकों ने बढ़-चढ़कर सहभागिता करते हुए योग के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक एवं सकारात्मक जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के दो प्रमुख स्थलों शहीद विजय सिंह पथिक स्टेडियम, ग्रेटर नोएडा एवं इण्डोर स्टेडियम सेक्टर-21ए, नोएडा में मुख्य योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। दोनों स्थलों पर बड़ी संख्या में लोगों ने एक साथ योगाभ्यास कर स्वास्थ्य, अनुशासन एवं सामूहिक सहभागिता का परिचय दिया।
मुख्य कार्यक्रमों में पिछड़ा एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, उत्तर प्रदेश के मा० राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) नरेंद्र कुमार कश्यप मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर मा० विधायक दादरी तेजपाल नागर, मा० विधान परिषद सदस्य श्रीचंद शर्मा एवं नरेंद्र भाटी, भाजपा जिलाध्यक्ष गौतमबुद्धनगर अभिषेक शर्मा, जिला अध्यक्ष महानगर महेश चौहान, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, जिला महामंत्री ओमवीर अवाना एवं अमित त्यागी सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण ने भी योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम में नोडल अधिकारी/प्रमुख सचिव समाज कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश अनुराग यादव, जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर मेधा रूपम, मुख्य विकास अधिकारी भालचंद्र त्रिपाठी, एसीईओ ग्रेटर नोएडा प्रेरणा सिंह, अपर जिला अधिकारी न्यायिक प्रियंका सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट अरविंद कुमार मिश्रा, प्रभारी जिला विकास अधिकारी/परियोजना निदेशक डीआरडीए नेहा सिंह, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल पंवार, प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी परवेज अली सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उपस्थित होकर योगाभ्यास किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित जनसमूह ने दोनों स्थलों पर एलईडी स्क्रीन के माध्यम से प्रधानमंत्री के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस कार्यक्रम का सजीव प्रसारण देखा तथा स्वस्थ, संतुलित एवं योगमय जीवनशैली को अपनाने संबंधी उनके प्रेरणादायी संदेश को सुना। इसके उपरांत राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार उत्तर प्रदेश नरेंद्र कुमार कश्यप ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया तथा गुब्बारे हवा में छोड़कर सामूहिक योगाभ्यास की शुरुआत की। योगाचार्यों द्वारा उपस्थित जनसमूह ने कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास किया। इस अवसर पर अपने उद्बोधन में मा० राज्य मंत्री स्वतंत्र प्रभार नरेंद्र कुमार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में योग ने वैश्विक स्तर पर भारत की पहचान को और अधिक सशक्त बनाया है। आज योग विश्वभर में स्वास्थ्य, संतुलन और सकारात्मक जीवनशैली का पर्याय बन चुका है। उन्होंने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि शरीर, मन एवं आत्मा के समन्वय की ऐसी जीवन पद्धति है, जो व्यक्ति को स्वस्थ, ऊर्जावान एवं तनावमुक्त बनाती है।
उन्होंने कहा कि इस वर्ष की थीम "योग फॉर हेल्दी एजिंग" प्रत्येक आयु वर्ग के लिए विशेष रूप से प्रेरणादायी है। नियमित योगाभ्यास व्यक्ति को बढ़ती आयु में भी स्वस्थ, सक्रिय एवं आत्मनिर्भर बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने सभी नागरिकों से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान मंत्री ने प्रतिभागियों के बीच पहुंचकर उनका उत्साहवर्धन किया तथा उनके साथ आत्मीयता से संवाद किया। इस अवसर पर उन्होंने युवाओं, महिलाओं एवं अन्य प्रतिभागियों के साथ सेल्फी भी खिंचवाई। कार्यक्रम के समापन पर जिलाधिकारी गौतमबुद्धनगर द्वारा माननीय मंत्री को स्मृति चिन्ह भेंट कर उनका आभार व्यक्त किया गया। योग सत्र का संचालन योगाचार्य योगी अनुराग एवं आयुष विभाग के योग प्रशिक्षक कुलभूषण धर दुबे द्वारा किया गया। उन्होंने उपस्थित प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान की विधियों का अभ्यास कराया तथा योग के नियमित अभ्यास से होने वाले लाभों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. वंदना रानी, जिला होम्योपैथिक अधिकारी डॉ. प्रीति सिंघल, जनपद के आयुर्वेदिक चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट एवं आयुष विभाग के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी सक्रिय सहभागिता की तथा कार्यक्रम के सफल आयोजन में महत्वपूर्ण योगदान दिया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जनपद के विभिन्न शासकीय कार्यालयों, विद्यालयों, महाविद्यालयों, औद्योगिक इकाइयों, कॉरपोरेट संस्थानों, पार्कों एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर भी योग कार्यक्रम आयोजित किए गए। योग शिक्षकों द्वारा कॉमन योग प्रोटोकॉल के अनुसार योगाभ्यास कराते हुए आमजन को योग को दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया गया। जनपदभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से स्वस्थ, जागरूक एवं योगमय समाज के निर्माण का संदेश दिया गया।
एक टिप्पणी भेजें