ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता, 19 जून 2026। कार्यस्थल पर महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और लैंगिक संवेदनशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जीएनआईओटी (GNIOT) के विमेन ग्रीवांस सेल (WGC) एवं आंतरिक शिकायत समिति (ICC) ने ह्यूमन टच फाउंडेशन के सहयोग से "कार्यस्थल पर यौन उत्पीड़न की रोकथाम (POSH)" विषय पर जागरूकता सत्र का आयोजन किया। प्रथम तल स्थित सेमिनार हॉल में आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के शिक्षकों और कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यक्रम की मुख्य वक्ता डॉ. उपासना सिंह, अध्यक्ष ह्यूमन टच फाउंडेशन एवं प्रमाणित पॉश प्रशिक्षक, रहीं। उन्होंने पॉश अधिनियम-2013 के प्रमुख प्रावधानों, कार्यस्थल पर स्वीकार्य और अस्वीकार्य व्यवहार, शिकायत निवारण प्रक्रिया तथा लैंगिक संवेदनशीलता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। संवादात्मक शैली और व्यावहारिक उदाहरणों के माध्यम से उन्होंने प्रतिभागियों को सम्मानजनक एवं सुरक्षित कार्यस्थल के महत्व से अवगत कराया।इस अवसर पर जीएनआईओटी के निदेशक प्रो. (डॉ.) धीरज गुप्ता ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सफलता के लिए सुरक्षित, समावेशी और सम्मानजनक कार्य वातावरण अनिवार्य है। उन्होंने सभी कर्मचारियों और शिक्षकों से कार्यस्थल पर नैतिक मूल्यों, पारस्परिक सम्मान और लैंगिक समानता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संचालन एवं समन्वयन डॉ. प्रीति गुप्ता, संयोजक WGC/ICC तथा समिति के अन्य सदस्यों द्वारा किया गया। सत्र के दौरान प्रतिभागियों ने विषय से जुड़े विभिन्न प्रश्न पूछे और अपने विचार साझा किए, जिससे कार्यक्रम और अधिक संवादात्मक एवं प्रभावी बन गया।
समापन अवसर पर आयोजकों ने मुख्य वक्ता डॉ. उपासना सिंह तथा निदेशक प्रो. (डॉ.) धीरज गुप्ता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संस्थान भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन करता रहेगा।
जीएनआईओटी द्वारा आयोजित यह पहल संस्थान की उस प्रतिबद्धता को दर्शाती है, जिसके तहत एक सुरक्षित, सम्मानजनक और लैंगिक रूप से संवेदनशील कार्यस्थल संस्कृति के निर्माण के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
एक टिप्पणी भेजें