गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: दादरी विधानसभा क्षेत्र को आधारभूत संरचना के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण बोर्ड ने दो महत्वपूर्ण परियोजनाओं को मंजूरी प्रदान की है, जिनमें बहुप्रतीक्षित 105 मीटर रोड परियोजना प्रमुख है। यह सड़क अब अल्फा, जुनपत, बोडाकी, चिटेहरा, बील अकबरपुर, नई बस्ती, फूलपुर और जारचा होते हुए सीधे गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी।
दादरी विधायक तेजपाल सिंह नागर लंबे समय से 105 मीटर रोड के मुद्दे को लगातार उठाते आ रहे थे। उन्होंने इस विषय को प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समक्ष भी प्रमुखता से रखा था। अब परियोजना को मंजूरी मिलने से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।
इस परियोजना के पूर्ण होने से दादरी विधानसभा क्षेत्र को जाम की समस्या से काफी राहत मिलेगी और लोगों को सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक बेहतर और तेज कनेक्टिविटी प्राप्त होगी। साथ ही, दादरी-जारचा क्षेत्र में औद्योगिक और व्यावसायिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी, जिससे रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।
क्षेत्र के ग्रामीण और शहरी इलाकों को जोड़ने वाली इस सड़क परियोजना से आसपास की जमीनों के मूल्य में भी वृद्धि होने की संभावना जताई जा रही है। स्थानीय लोगों का मानना है कि यह परियोजना दादरी विधानसभा के विकास को नई दिशा देगी और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को मजबूती प्रदान करेगी।
एक टिप्पणी भेजें