Top News

नोएडा में फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़, क्रू-शिप नौकरी के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले चार आरोपी गिरफ्तार।

नोएडा/ फेस वार्ता: थाना साइबर क्राइम पुलिस और थाना सेक्टर-126 पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए सेक्टर-132 स्थित एक फर्जी कॉल सेंटर का पर्दाफाश कर क्रू-शिप कंपनियों में नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लैपटॉप, मोबाइल फोन, कॉलिंग डाटा शीट, फर्जी दस्तावेज और बैंक से जुड़े रिकॉर्ड भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गोपनीय सूचना और मैनुअल इंटेलिजेंस के आधार पर चलाए गए अभियान में एक गिरोह का खुलासा हुआ, जो SEA HIRE MARINE SERVICE COMPANY नाम से फर्जी कंपनी संचालित कर युवाओं को विदेश में नौकरी का झांसा देकर ठगी कर रहा था।
नौकरी का झांसा देकर वसूले जाते थे लाखों रुपये आरोपी कॉल और ऑनलाइन माध्यम से नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं से संपर्क करते थे और उन्हें क्रू-शिप कंपनियों में उच्च वेतन व विदेश नियुक्ति का लालच देते थे। इसके बाद रजिस्ट्रेशन, प्रोसेसिंग और अन्य शुल्क के नाम पर प्रति व्यक्ति एक से सवा लाख रुपये तक की रकम वसूली जाती थी।
जांच में सामने आया है कि गिरोह विभिन्न बैंक खातों के जरिए अब तक करीब एक करोड़ रुपये की ठगी कर चुका है। बरामद बैंक खातों से जुड़े मामलों में केरल, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों से शिकायतें भी सामने आई हैं।
गिरफ्तार अभियुक्त:
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राहुल (जालौन), प्रशांत (अलीगढ़), विशाल शर्मा (गौतमबुद्धनगर) और सैफ वारिश (कानपुर नगर) के रूप में हुई है।
बरामद सामग्री
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से
3 लैपटॉप
7 मोबाइल फोन
26 कॉलिंग डाटा शीट
21 कॉलिंग रजिस्टर
4 फर्जी मोहर
4 जॉइनिंग लेटर
बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड समेत अन्य दस्तावेज बरामद किए हैं।
इस मामले में थाना साइबर क्राइम, गौतमबुद्धनगर में संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने जारी की साइबर सुरक्षा सलाह
पुलिस ने युवाओं को नौकरी से जुड़ी ठगी से बचने के लिए सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा है कि—
नौकरी के लिए केवल विश्वसनीय और प्रमाणित पोर्टल का उपयोग करें।
नौकरी के नाम पर अग्रिम शुल्क मांगने वालों से सावधान रहें।
किसी के साथ बैंक विवरण, OTP या पासवर्ड साझा न करें।
नौकरी के प्रस्ताव की सत्यता की जांच अवश्य करें।
संदिग्ध कॉल या ठगी की जानकारी तुरंत साइबर सेल या पुलिस को दें।
पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

और नया पुराने