Top News

जीएनआईओटी में पीजीडीएम दीक्षांत समारोह सम्पन्न, राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने विद्यार्थियों को दिया नेतृत्व और नैतिकता का संदेश।

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता:  ग्रेटर नोएडा स्थित जीएनआईओटी इंस्टीट्यूशंस ऑफ मैनेजमेंट स्टडीज (GIMS) में पीजीडीएम बैच 2023–25 का दीक्षांत समारोह बुधवार को गरिमामय और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों के सम्मान और उनके पेशेवर जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक बना।समारोह के मुख्य अतिथि बिहार के राज्यपाल आरिफ़ मोहम्मद ख़ान ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को जीवन में नैतिक मूल्यों, अनुशासन और सामाजिक उत्तरदायित्व को अपनाने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि डिग्री सफलता का एक चरण है, लेकिन वास्तविक पहचान व्यक्ति के चरित्र, दृष्टिकोण और कार्य-संस्कृति से बनती है।
राज्यपाल ने कहा कि तकनीक और डिजिटल अर्थव्यवस्था के दौर में प्रबंधन शिक्षा राष्ट्र की आर्थिक प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने जीएनआईओटी समूह द्वारा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और नेतृत्व क्षमता विकसित करने के प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने संस्थान के सीईओ स्वदेश कुमार सिंह के नेतृत्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शिता और शैक्षणिक प्रतिबद्धता के कारण संस्थान निरंतर प्रगति के नए आयाम स्थापित कर रहा है।कार्यक्रम के विशिष्ट अतिथि नागेन्द्र नाथ त्रिपाठी, क्षेत्रीय महामंत्री (संगठन), भाजपा बिहार–झारखंड ने विद्यार्थियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए अपने ज्ञान का उपयोग समाज के विकास में करने का आह्वान किया।समारोह की अध्यक्षता जीएनआईओटी समूह के अध्यक्ष डॉ. राजेश कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने उद्योग और शिक्षा के बेहतर समन्वय के माध्यम से विद्यार्थियों को वैश्विक प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने पर जोर दिया। वहीं वाइस चेयरमैन गौरव गुप्ता ने विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. भूपेन्द्र कुमार सोम, कुलसचिव अनिल मधवाल, भाजपा नेता नीरज सिंह सहित अनेक गणमान्य अतिथि, प्राध्यापक, अभिभावक और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावशाली मंच संचालन डॉ. शालिनी शर्मा द्वारा किया गया।दीक्षांत समारोह के दौरान 290 से अधिक विद्यार्थियों को पीजीडीएम की उपाधि प्रदान की गई, जिसके साथ ही परिसर में उल्लास, गर्व और नए सपनों का माहौल देखने को मिला। समारोह विद्यार्थियों के लिए एक यादगार उपलब्धि के रूप में संपन्न हुआ।

Post a Comment

और नया पुराने