गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने अर्हता तिथि 1 जनवरी 2026 के आधार पर चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान की प्रगति का जायजा लेने के लिए जनपद का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने सेक्टर-119 स्थित मिलेनियम पब्लिक स्कूल में संचालित नोटिस सुनवाई केंद्र का निरीक्षण किया तथा सेक्टर-91 स्थित पंचशील बालक इंटर कॉलेज में बीएलओ और सुपरवाइजरों से संवाद किया।
निरीक्षण के दौरान मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने नोटिस सुनवाई केंद्र की कार्यप्रणाली, शिकायत निस्तारण व्यवस्था और नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने केंद्र पर आए मतदाताओं से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। RWA और AOA द्वारा दिए जा रहे सहयोग की भी सराहना की गई तथा स्थानीय स्तर पर अधिक से अधिक कैंप आयोजित कर नागरिकों को सुविधा प्रदान करने पर बल दिया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती मतदाताओं की सक्रिय भागीदारी से संभव है और प्रशासन की जिम्मेदारी है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदान अधिकार से वंचित न रहे। जिले में नागरिकों की सुविधा के लिए बूथ और सोसाइटी स्तर पर 114 विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। साथ ही बीएलओ स्तर पर सुनवाई, वीडियो कॉल सत्यापन और डिजिटल दस्तावेज जांच जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
पंचशील बालक इंटर कॉलेज में आयोजित संवाद कार्यक्रम में उन्होंने बीएलओ और सुपरवाइजरों से मतदाता सूची अद्यतन, नए पंजीकरण, नाम संशोधन और विलोपन से संबंधित कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि त्रुटिरहित एवं पारदर्शी निर्वाचन प्रक्रिया सुनिश्चित करने में बीएलओ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले में चल रहे अभियान, जनजागरूकता गतिविधियों और घर-घर सत्यापन की जानकारी साझा की। मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने जनपद की तैयारियों पर संतोष व्यक्त करते हुए उत्कृष्ट कार्य करने वाले 243 बीएलओ को प्रशस्ति पत्र और ओडीओपी उपहार देकर सम्मानित किया।कार्यक्रम में अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी नोएडा वंदना त्रिपाठी, एसडीएम सदर आशुतोष गुप्ता, एसडीएम दादरी अनुज नेहरा, एसडीएम जेवर अभय कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में सुपरवाइजर और बीएलओ उपस्थित रहे।
एक टिप्पणी भेजें