Top News

शाक-भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी में जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर का शानदार प्रदर्शन, 8 पुरस्कारों के साथ प्रथम स्थान हासिल।

लखनऊ/गौतमबुद्धनगर, फेस वार्ता 9 फरवरी 2026।कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान एवं महानिदेशक कारागार प्रशासन एवं सुधार सेवाएं, उत्तर प्रदेश, पी.सी. मीणा (आईपीएस) के कुशल निर्देशन में प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली शाक-भाजी एवं पुष्प प्रदर्शनी इस वर्ष भी जनभवन, लखनऊ में आयोजित की गई। इस प्रतिष्ठित प्रदर्शनी में जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त कर जनपद का गौरव बढ़ाया।
कारागार परिसर में स्थित लगभग 21.50 एकड़ कृषि भूमि पर उन्नत कृषि तकनीकों के उपयोग, बेहतर बुवाई और उच्च गुणवत्ता वाले शाक-भाजी एवं मशरूम उत्पादन के कारण जिला कारागार को विभिन्न श्रेणियों में कुल 8 पुरस्कार प्राप्त हुए। इनमें गाजर एवं चुकंदर में प्रथम स्थान, आलू एवं बैंगन में द्वितीय स्थान तथा कद्दू, मूली, सलाद तथा प्याज-मशरूम श्रेणी में तृतीय स्थान शामिल है।
इस उपलब्धि पर कारागार अधीक्षक बृजेश कुमार को महामहिम राज्यपाल महोदया द्वारा प्रतिष्ठित “चल वैजयंती” से सम्मानित किया गया। साथ ही कारागार मंत्री दारा सिंह चौहान ने बापू भवन स्थित अपने कार्यालय में अधीक्षक को विशेष रूप से सम्मानित कर उनके प्रयासों की सराहना की।
महानिदेशक कारागार पी.सी. मीणा ने भी इस सफलता को सुधारात्मक प्रशासन, आधुनिक कृषि पद्धतियों के उपयोग तथा बंदियों के कौशल विकास और पुनर्वास की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया।
यह उपलब्धि जिला कारागार गौतमबुद्ध नगर के समस्त अधिकारियों, कर्मचारियों एवं बंदियों के संयुक्त प्रयासों का परिणाम है, जो पुनर्वास और आत्मनिर्भरता की दिशा में एक प्रेरक उदाहरण बनकर उभरा है।

Post a Comment

और नया पुराने