यीडा/ फेस वार्ता ग्रेटर नोएडा किराएदार पर कब्जे और दबंगई के आरोप, एक दर्जन से अधिक कुत्तों से परेशान कॉलोनीवासी
गौर यमुना सिटी में मकान विवाद गहराया, निवासी बोले—बच्चों और बुजुर्गों का निकलना हुआ मुश्किल
यीडा, ग्रेटर नोएडा संवाददाता। ग्रेटर नोएडा के रबूपुरा थाना क्षेत्र स्थित गौर यमुना सिटी में एक मकान को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मकान मालिक ने अपने किराएदार दंपति पर मकान खाली न करने, किरायेदारी की शर्तों का उल्लंघन करने और जबरन कब्जा बनाए रखने के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले को लेकर मकान मालिक की ओर से कानूनी नोटिस भी भेजा गया है।मकान मालिक का आरोप है कि किराएदार लंबे समय से मकान खाली करने से इनकार कर रहे हैं। नोटिस में यह भी कहा गया है कि किराएदार ने बिना अनुमति घर में एक दर्जन से अधिक कुत्ते रखे हुए हैं, जिससे न केवल सोसाइटी के नियमों का उल्लंघन हो रहा है बल्कि आसपास रहने वाले लोगों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों के अनुसार कुत्तों की संख्या अधिक होने के कारण क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। लोगों का कहना है कि बच्चों और बुजुर्गों का घर से बाहर निकलना कठिन हो गया है। कुछ निवासियों ने आरोप लगाया कि कई बार कुत्तों ने राहगीरों पर झपटने या हमला करने की कोशिश की, जिससे लोगों में दहशत व्याप्त है।
हालात ऐसे बन गए हैं कि कई परिवार अपने बच्चों को घरों के भीतर ही रखने को मजबूर हैं। वहीं मकान मालिक का आरोप है कि कई बार समझाने और मकान खाली करने के अनुरोध के बावजूद किराएदारों ने कब्जा बनाए रखा हुआ है।
कानूनी नोटिस में किराया बकाया होने, सोसाइटी के नियमों के उल्लंघन और बड़ी संख्या में पालतू कुत्ते रखने जैसे आरोप भी शामिल हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक किराएदार पक्ष की ओर से इन आरोपों पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
फिलहाल मामला रबूपुरा थाना क्षेत्र के गौर यमुना सिटी का है। पीड़ित महिला मकान मालिक और स्थानीय निवासी प्रशासन तथा पुलिस से हस्तक्षेप कर मामले का समाधान कराने की मांग कर रहे हैं। वहीं क्षेत्रीय लोगों की नजर अब प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई है।
एक टिप्पणी भेजें