Top News

SIR के बाद भी हजारों फर्जी वोटों का दावा, सपा ने चुनाव आयोग और भाजपा को घेरा


ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: आगामी विधानसभा चुनावों से पहले गौतमबुद्ध नगर की राजनीति में मतदाता सूची को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। समाजवादी पार्टी (सपा) ने शनिवार को ग्रेटर नोएडा में आयोजित प्रेस वार्ता में आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के बावजूद जिले में हजारों फर्जी और डुप्लीकेट वोट अब भी मौजूद हैं। पार्टी ने इसे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता पर गंभीर सवाल बताते हुए चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर भी प्रश्न उठाए हैं।
सेक्टर अल्फा-1 स्थित ग्रेटर नोएडा जर्नलिस्ट प्रेस क्लब में आयोजित प्रेस वार्ता में सपा जिलाध्यक्ष सुधीर भाटी ने दावा किया कि दादरी विधानसभा क्षेत्र में 20 हजार से अधिक, जेवर विधानसभा क्षेत्र में 10 हजार से अधिक तथा नोएडा विधानसभा क्षेत्र में भी बड़ी संख्या में फर्जी और डुप्लीकेट वोट दर्ज हैं। उनका आरोप है कि एक ही नाम, पता और पिता के नाम पर कई मतदाता पंजीकृत हैं।
उन्होंने कहा कि यदि SIR जैसे व्यापक अभियान के बाद भी मतदाता सूची में इतनी बड़ी संख्या में त्रुटियां बनी हुई हैं तो इसकी निष्पक्षता और प्रभावशीलता पर सवाल उठना स्वाभाविक है। सपा का आरोप है कि मतदाता सूची के नाम पर विपक्षी दलों के समर्थकों के वोट प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है।
"दस्तावेजों के साथ करेंगे शिकायत"
सुधीर भाटी ने कहा कि पार्टी के पास कथित अनियमितताओं से जुड़े दस्तावेज मौजूद हैं। जल्द ही जिला निर्वाचन अधिकारी और चुनाव आयोग को विस्तृत शिकायत सौंपकर जांच की मांग की जाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निष्पक्ष कार्रवाई नहीं हुई तो समाजवादी पार्टी जनआंदोलन शुरू करेगी।
भाजपा पर आरक्षण अधिकारों की अनदेखी का आरोप
प्रेस वार्ता में सपा नेताओं ने भाजपा सरकार पर आरक्षित वर्गों के अधिकारों की अनदेखी करने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि 69 हजार शिक्षक भर्ती, लेखपाल भर्ती, ग्राम पंचायत अधिकारी भर्ती, कृषि प्राविधिक सहायक भर्ती, वन एवं वन्यजीव रक्षक भर्ती, प्रवर्तन कांस्टेबल भर्ती, पशु चिकित्सक भर्ती और चिकित्सा अधिकारी भर्ती सहित कई चयन प्रक्रियाओं में आरक्षण नियमों का पालन नहीं किया गया।
"पीडीए समाज के अधिकारों पर हमला"
सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजकुमार भाटी ने कहा कि भाजपा सरकार पिछड़े, दलित और आदिवासी वर्गों के संवैधानिक अधिकारों को कमजोर कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि आरक्षण व्यवस्था को प्रभावित करने से पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) समाज के युवाओं और अभ्यर्थियों में निराशा बढ़ रही है।
प्रेस वार्ता में फकीरचंद नागर, परमेंद्र भाटी एडवोकेट, विनोद लोहिया, नरेंद्र नागर, सुधीर तोमर, विक्रम टाइगर, डॉ. शशि यादव, अकबर खान, रामशरण नागर एडवोकेट, सुरेंद्र नागर, दीपक देवटा सहित बड़ी संख्या में सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Post a Comment

और नया पुराने