Top News

चार मूर्ति अंडरपास का निरीक्षण करने पहुंचे दादरी विधायक तेजपाल नागर।

दीपावली तक शुरू होने का लक्ष्य
ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा वेस्ट के बहुप्रतीक्षित चार मूर्ति अंडरपास परियोजना का दादरी विधायक तेजपाल नागर ने सोमवार को निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण स्थल पर पहुंचकर अधिकारियों से कार्य की प्रगति की जानकारी ली और निर्धारित समय सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ परियोजना को पूरा करने के निर्देश दिए।
करीब 90 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस अंडरपास को ग्रेटर नोएडा वेस्ट के लाखों निवासियों के लिए बड़ी सौगात माना जा रहा है। परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी और रोजाना लगने वाले जाम से काफी हद तक राहत मिलने की उम्मीद है।
विधायक तेजपाल नागर ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता नागरिकों को बेहतर आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी उद्देश्य के तहत ग्रेटर नोएडा वेस्ट में लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए और परियोजना को जल्द से जल्द पूरा कर जनता को समर्पित किया जाए।
उन्होंने कहा कि चार मूर्ति अंडरपास केवल एक निर्माण परियोजना नहीं, बल्कि क्षेत्र के विकास, जनसुविधा और भविष्य की यातायात आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार किया जा रहा महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचा है। प्राधिकरण का लक्ष्य आगामी दिवाली तक अंडरपास को जनता के लिए खोलना है।
निरीक्षण के दौरान विधायक प्रतिनिधि दीपक यादव, एडवोकेट नारायण गुप्ता, ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के सीनियर मैनेजर प्रभात शंकर, मैनेजर नितीश कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।


अवैध कूड़ा डंपिंग पर प्राधिकरण की कार्रवाई, चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़ीं, एक लाख का जुर्माना
ग्रेटर नोएडा। शहर को स्वच्छ और प्रदूषण मुक्त बनाए रखने के अभियान के तहत ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर जीटा-1 में अवैध रूप से कूड़ा डंप कर रहे चार ट्रैक्टर-ट्रॉली पकड़े हैं। सभी वाहनों पर कुल एक लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग की टीम को सूचना मिली थी कि कुछ वाहन बिल्डर सोसाइटियों से निकलने वाले कूड़े को सेक्टर जीटा-1 के खाली प्लॉटों में लाकर अवैध रूप से फेंक रहे हैं। मौके पर पहुंची टीम ने चार ट्रैक्टर-ट्रॉली और उनके चालकों को पकड़ लिया।
प्राधिकरण ने प्रत्येक वाहन पर 25-25 हजार रुपये का जुर्माना लगाया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि भविष्य में दोबारा इस तरह की गतिविधि में पकड़े जाने पर वाहनों को जब्त कर और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की एसीईओ श्रीलक्ष्मी वीएस ने नागरिकों, बिल्डरों और संस्थानों से अपील की है कि कूड़े का वैज्ञानिक और निर्धारित नियमों के अनुसार निस्तारण करें तथा शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।

Post a Comment

और नया पुराने