ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: विश्व रक्तदाता दिवस के अवसर पर स्वर्ण नगरी स्थित अग्रसेन भवन में आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर मानव सेवा और सामाजिक उत्तरदायित्व का प्रेरणादायक उदाहरण बन गया। श्री महाराजा अग्रसेन वैश्य सेवा समिति, ग्रेटर नोएडा के तत्वावधान में आयोजित इस शिविर में रक्तदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 61 यूनिट रक्तदान किया।
शिविर का आयोजन भारत विकास परिषद, गौतमबुद्धनगर शाखा, रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा एवं रोटरी क्लब ग्रेटर नोएडा के सहयोग से किया गया। भीषण गर्मी के बावजूद युवाओं, महिलाओं और सामाजिक संगठनों के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भागीदारी निभाई और रक्तदान कर मानवता की सेवा का संदेश दिया।
समिति के अध्यक्ष लक्ष्मण सिंघल ने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है, जो किसी जरूरतमंद व्यक्ति को नया जीवन प्रदान कर सकता है। उन्होंने रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं और चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि समाज में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना समय की आवश्यकता है।
भारत विकास परिषद के अध्यक्ष मुकुल गोयल ने बताया कि शिविर का संचालन गौतमबुद्धनगर चैरिटेबल ब्लड सेंटर की विशेषज्ञ चिकित्सकीय टीम की देखरेख में किया गया। उन्होंने कहा कि रक्त की एक यूनिट को विभिन्न घटकों में विभाजित कर तीन मरीजों के उपचार में उपयोग किया जा सकता है। इस प्रकार शिविर में एकत्र हुआ रक्त सैकड़ों लोगों के जीवन को बचाने में सहायक होगा।
शिविर में लक्ष्मण सिंघल, ओमप्रकाश अग्रवाल, मुकुल गोयल, सर्वेश अग्रवाल, अरुण गुप्ता, कपिल गर्ग, विनय गुप्ता, अतुल जिंदल, नितिन बंसल, आशीष गुप्ता, पुष्पेंद्र गोयल, धीरज गर्ग, मयंक गुप्ता, कुमार आदित्य, पवन गोयल, नवीन चिकारा, राहुल गोयल, मयंक गर्ग, संदीप सिंघल, मनोज गोयल, शिवम अग्रवाल एवं धैर्य बंसल सहित अनेक लोगों ने रक्तदान कर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दिखाई।
कार्यक्रम के दौरान सौरभ बंसल, आलोक गोयल, कपिल गुप्ता, अनिल तायल, सविता शर्मा, पदमा वर्मा, किरण गुप्ता, मनु जिंदल, नवीन जिंदल, के.के. शर्मा, अमित गोयल, गिरीश गुप्ता, प्रीति अग्रवाल, आशुतोष अग्रवाल सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
रक्तदान शिविर ने एक बार फिर साबित किया कि जब समाज सेवा के लिए एकजुट होता है तो मानवता की सबसे बड़ी जरूरतों को पूरा करना संभव हो जाता है। विश्व रक्तदाता दिवस पर आयोजित यह पहल लोगों को नियमित रक्तदान के लिए प्रेरित करने के साथ-साथ जरूरतमंद मरीजों के लिए आशा की नई किरण लेकर आई।
एक टिप्पणी भेजें