Top News

रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा ने वृद्धाश्रम में सेवा का उदाहरण पेश किया, 300 मातृशक्ति को मिला सहयोग

ग्रेटर नोएडा / फेस वार्ता 8 जून 2026: समाजसेवा और मानवता के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा ने सोमवार को नोएडा स्थित अपना घर आश्रम में एक विशेष सेवा प्रकल्प का आयोजन किया। इस दौरान आश्रम में निवासरत लगभग 300 बेसहारा एवं वृद्ध मातृशक्ति की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न उपयोगी सामग्री भेंट की गई।
कार्यक्रम के दौरान क्लब ने आश्रम को एक वाटर कूलर, 300 यूनिफॉर्म, 100 टूथपेस्ट, 50 लीटर हार्पिक, 10 लीटर डेटॉल, 45 लीटर देसी घी तथा 60 लीटर शुद्ध सरसों का तेल समर्पित किया। इन सामग्रियों से आश्रम में रहने वाली महिलाओं की दैनिक जरूरतों, स्वच्छता और पोषण संबंधी आवश्यकताओं को पूरा करने में मदद मिलेगी।
इस अवसर पर क्लब पदाधिकारियों ने कहा कि सेवा का उद्देश्य केवल सामग्री उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि समाज के उन लोगों तक सम्मान, स्नेह और अपनत्व पहुंचाना है, जो जीवन के इस पड़ाव पर सहयोग और संवेदनशीलता की अपेक्षा रखते हैं। उन्होंने कहा, "हम सामग्री नहीं, सम्मान और अपनत्व समर्पित करने आए हैं, क्योंकि मानव सेवा ही सच्ची प्रभु सेवा है।
क्लब के मीडिया प्रभारी विनोद कसाना ने बताया कि रोटरी क्लब ग्रीन ग्रेटर नोएडा लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता और सामाजिक कल्याण से जुड़े विभिन्न सेवा कार्यों के माध्यम से जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने का कार्य कर रहा है। संस्था का लक्ष्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक सेवा और संवेदना पहुंचाकर उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना है।
कार्यक्रम में रोटेरियन सरदार मनजीत सिंह, एम.पी. सिंह, ऋषि के अग्रवाल, अमित गोयल, निखिल गर्ग, रंजीत सिंह, सुरेश नेगी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे और सेवा कार्य में सक्रिय भागीदारी निभाई।
यह सेवा प्रकल्प सामाजिक सरोकारों के प्रति रोटरी क्लब की प्रतिबद्धता और बुजुर्गों के सम्मान के प्रति उसकी संवेदनशील सोच का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर सामने आया।

Post a Comment

और नया पुराने