Top News

गौतमबुद्धनगर को मिला विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम का तोहफा, 10.50 करोड़ की परियोजना का भूमि पूजन।

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: गौतमबुद्धनगर के खेल प्रेमियों और युवा खिलाड़ियों के लिए रविवार का दिन ऐतिहासिक बन गया। जेवर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत ग्रेटर नोएडा के सेक्टर-37 स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 10.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विश्वस्तरीय हॉकी स्टेडियम का वैदिक मंत्रोच्चारण एवं विधि-विधान के साथ भूमि पूजन किया गया। यह स्टेडियम क्षेत्र के खिलाड़ियों को आधुनिक खेल सुविधाएं और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर प्रदान करेगा।
भूमि पूजन कार्यक्रम में जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह के साथ भारत के पूर्व अंतरराष्ट्रीय फील्ड हॉकी खिलाड़ी रोमियो जेम्स, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी प्रमोद बाटला तथा भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल तंवर भाटी ने भाग लिया।युवाओं के सपनों को मिलेगी नई उड़ान
इस अवसर पर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि यह हॉकी स्टेडियम केवल एक खेल परिसर नहीं, बल्कि जनपद गौतमबुद्धनगर के युवाओं के सपनों और प्रतिभा को नई दिशा देने का माध्यम बनेगा। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप विकसित होने वाला यह स्टेडियम खिलाड़ियों को अत्याधुनिक प्रशिक्षण और प्रतियोगी माहौल उपलब्ध कराएगा।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में इसी स्टेडियम से तैयार होने वाले खिलाड़ी प्रदेश और देश का नाम विश्व मंच पर रोशन करेंगे। यह परियोजना न केवल गौतमबुद्धनगर बल्कि पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा और अवसरों का नया केंद्र बनेगी।
खेल क्षेत्र में नए आयाम स्थापित कर रही सरकार
विधायक ने कहा कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में खेल अवसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है। खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के प्रयासों का ही परिणाम है कि भारतीय खिलाड़ी आज ओलंपिक, एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों जैसी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर देश का गौरव बढ़ा रहे हैं।
क्षेत्रवासियों में उत्साह
भूमि पूजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, खेल प्रेमियों और क्षेत्रीय गणमान्य लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम में संजय प्रताप सिंह, मनोज गर्ग, हरेंद्र भाटी, मोहन सिंह, रामवीर सिंह, अमित भाटी, सुरेश शर्मा, अनिल शर्मा, आलोक सिंह, सुशील भाटी, डोरी लाल सिंह, सुधीर भाटी, योगेश भाटी, राजू भाटी, विकास सिंह, सूरज सिंह, अरविंद सिंह और राहुल नम्बरदार सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
खेल प्रतिभाओं के लिए बनेगा नया केंद्र
10.50 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह हॉकी स्टेडियम गौतमबुद्धनगर की खेल प्रतिभाओं को नई पहचान देने के साथ-साथ क्षेत्र को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर मजबूत स्थान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। स्थानीय युवाओं और खिलाड़ियों को उम्मीद है कि यह परियोजना उनके खेल करियर को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में मददगार साबित होगी।

Post a Comment

और नया पुराने