Top News

यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण ने किसानों को सौंपे 7% आबादी भूखंडों के आरक्षण पत्र, 589 किसानों को मिलेगा लाभ।

गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (YEIDA) ने किसानों के हित में बड़ा कदम उठाते हुए सेक्टर-29 स्थित तिरथली गांव के किसानों को 7 प्रतिशत आबादी भूखंड आवंटन प्रक्रिया के तहत आरक्षण पत्र जारी कर दिए हैं। प्राधिकरण की इस पहल से कुल 589 किसानों को लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह ने स्वयं कृषक वीरेंद्र कुमार को आरक्षण पत्र प्रदान किया। वहीं, अन्य 588 किसानों के आरक्षण पत्र भूलेख विभाग द्वारा डाक के माध्यम से भेजे गए हैं।
प्राधिकरण के अधिकारियों के अनुसार सेक्टर-29 में विकसित किए जा रहे अपैरल पार्क परियोजना के अंतर्गत किसानों को उनका अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि सभी आरक्षित भूखंडों को शीघ्र विकसित कर किसानों को उनका भौतिक कब्जा भी सौंपा जाएगा।
किसानों ने प्राधिकरण की इस पहल का स्वागत करते हुए इसे लंबे समय से लंबित मांग पूरी होने की दिशा में अहम कदम बताया। वहीं, प्राधिकरण का कहना है कि किसानों के हितों की सुरक्षा और विकास परियोजनाओं के बीच संतुलन बनाए रखना उसकी प्राथमिकता है।

Post a Comment

और नया पुराने