दादरी/ग्रेनोएडा/ फेस वार्ताभारत शर्मा :
बादलपुर गौतमबुद्धनगर स्थित विकल फार्म में अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के नवनियुक्त पदाधिकारियों के स्वागत में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में समाज के विभिन्न वर्गों की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली और सामाजिक एकता, शिक्षा तथा कुरीतियों के उन्मूलन जैसे मुद्दों पर विशेष चर्चा की गई।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जगवीर दौला ने की, जबकि संचालन डॉ. भूपेन्द्र नागर ने किया। आयोजन के संयोजक समाजसेवी संजय विकल ने बताया कि इस अवसर पर क्षेत्र में उत्कृष्ट सामाजिक कार्य करने वाली 17 संस्थाओं—संकल्प संस्था, टीम ग्राम पाठशाला, मानव अधिकार फाउंडेशन, जीवन अर्पण गांव गऊ समिति, मेघकोष आदि—को सम्मानित किया गया। साथ ही महिला खिलाड़ियों जिया बैसोया, रिया बैसोया और पायलट सृष्टि विकल सहित सामाजिक कार्यकर्ता ममता भाटी व गीता को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मंत्री हरिश्चन्द्र भाटी ने अपने संबोधन में कहा कि समाज को संगठित होकर आगे बढ़ना होगा, तभी उचित राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित हो सकेगी। उन्होंने युवाओं को समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया।
वहीं, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सविंदर भाटी और के.पी. कसाना ने शिक्षा को समाज की प्रगति का आधार बताते हुए जागरूकता बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने दहेज जैसी सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ अभियान चलाने की बात भी कही।
कार्यक्रम में रामकेश चपराना, जयप्रकाश विकल, सुनील भाटी, श्यामवीर भाटी, पंकज रौसा, अशोक भाटी, प्रमोद भाटी, श्यामेन्द्र ओमपाल प्रधान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। आयोजन समिति के सदस्यों में संजय विकल, डॉ. भूपेन्द्र नागर, नरेंद्र भाटी, बलराज मावी, टीटू नागर, सचिन, मनोज और अनिल ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
एक टिप्पणी भेजें