नोएडा/ फेस वार्ता: गढ़ी शहदरा, 2 मार्च 2026:-जनपद गौतमबुद्धनगर के अंतर्गत संचालित राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, गढ़ी शहदरा के लिए शनिवार का दिन गौरवपूर्ण रहा। विद्यालय की कक्षा 8 की छात्रा पूजा ने वर्ष 2025 की एनएमएमएस (राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति) परीक्षा में सफलता प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, वर्ष 2025 में आयोजित एनएमएमएस परीक्षा में जनपद गौतमबुद्धनगर से कुल 1205 विद्यार्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 1050 परीक्षार्थियों ने परीक्षा में भाग लिया। इनमें मात्र 96 विद्यार्थियों को सफलता मिली, जिनमें गढ़ी शहदरा की छात्रा पूजा भी शामिल हैं।
इसी क्रम में विद्यालय के कक्षा 7 के छात्र मोहम्मद अयान का चयन वर्ष 2025-26 के “ इन्सपायर मानक अवार्ड” के लिए हुआ है। यह उपलब्धि उनकी वैज्ञानिक सोच एवं नवाचार क्षमता का परिचायक मानी जा रही है।
विद्यालय की प्रधानाचार्या अनीता गुसाईं ने दोनों विद्यार्थियों को शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह सफलता निरंतर परिश्रम, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने सहायक अध्यापिका स्वाति यादव, आस्था सिंह तथा शिक्षक भूपेन्द्र कुमार शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि शिक्षक ही राष्ट्र के सच्चे निर्माता होते हैं।विद्यालय परिवार ने इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए भविष्य में भी उत्कृष्ट परिणाम देने का संकल्प व्यक्त किया है। इस बात की जानकारी भगवत शर्मा द्वारा प्राप्त हुई
एक टिप्पणी भेजें