यीडा, ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता, 1 मार्च 2026।
उत्तर प्रदेश के महत्वाकांक्षी फिल्म सिटी प्रोजेक्ट को आज एक ऐतिहासिक शुरुआत मिली, जब मॉम 2 की शूटिंग बेव्यू भूटानी इंटरनेशनल फिल्म सिटी में विधिवत शुरू हो गई। निर्माणाधीन अवस्था में ही इस फिल्म सिटी में शूटिंग शुरू होना इसे देश के सबसे अनोखे फिल्म प्रोजेक्ट्स में शामिल करता है। एक साल में जमीन से शूटिंग तक
27 फरवरी 2025 को इस परियोजना के लिए भूमि आवंटन हुआ था और महज एक वर्ष के भीतर यहां सेट निर्माण के साथ शूटिंग भी शुरू हो गई। फिल्म के महत्वपूर्ण दृश्य और क्लाइमेक्स इसी फिल्म सिटी में फिल्माए जा रहे हैं। यह शुरुआत उत्तर प्रदेश को एक उभरती फिल्म नगरी के रूप में स्थापित करने की दिशा में बड़ा कदम मानी जा रही है।
दमदार स्टारकास्ट और अनुभवी टीम
फिल्म में नवाजुद्दीन सिद्दीकी, खुशी कपूर, करिश्मा तन्ना, जिशु सेनगुप्ता और मनोज पाहवा मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे।
फिल्म का निर्देशन गिरीश कोहली कर रहे हैं, जबकि निर्माण बोनी कपूर और अक्षय पुरी द्वारा किया जा रहा है।
बोनी कपूर बोले—“यह भावुक पल है”
बोनी कपूर ने इस मौके को भावुक बताते हुए कहा कि फिल्म सिटी की शुरुआत किसी औपचारिक शिलान्यास से नहीं, बल्कि वास्तविक शूटिंग से होना इसे खास बनाता है। उन्होंने बताया कि यहां केवल इमारतें नहीं, बल्कि कहानी कहने वालों के लिए एक संपूर्ण रचनात्मक माहौल तैयार किया जा रहा है।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि “मॉम 2” की शूटिंग में शामिल लगभग 400 क्रू में से 100 स्थानीय लोग हैं, जिससे क्षेत्रीय रोजगार को बढ़ावा मिल रहा है।
लगातार शूटिंग के लिए तैयार होगा स्थायी सेटअप
फिल्म के लिए बनाए गए सेट को शूटिंग के बाद भी संरक्षित रखा जाएगा, ताकि अन्य फिल्म और ओटीटी प्रोजेक्ट्स भी इसका उपयोग कर सकें। इससे फिल्म सिटी में निरंतर गतिविधि बनी रहेगी और इसे एक स्थायी प्रोडक्शन हब के रूप में विकसित किया जा सकेगा। रोजगार और विकास को मिलेगी रफ्तार
यह परियोजना यमुना एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण के सहयोग से विकसित की जा रही है। भूटानी इंफ्रा के सीईओ आशीष भूटानी के अनुसार, यह फिल्म सिटी क्षेत्र में रोजगार सृजन के साथ-साथ उत्तर प्रदेश को वैश्विक फिल्म मानचित्र पर स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगी।
अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा प्रोडक्शन हब:आगामी नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा के निकट विकसित हो रही यह फिल्म सिटी साउंड स्टेज, बैकलॉट, पोस्ट-प्रोडक्शन सुविधाएं और कलाकारों के ठहरने की व्यवस्था के साथ एक विश्वस्तरीय फिल्म निर्माण केंद्र के रूप में तैयार की जा रही है।
एक टिप्पणी भेजें