नोएडा/ फेस वार्ता:श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के पावन पर्व पर नोएडा में भक्ति, श्रद्धा और उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने संगठन की नवरत्न टीम एवं पदाधिकारियों के साथ शहर के विभिन्न मंदिरों में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रमों में सहभागिता की। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की पूजा-अर्चना और आरती कर समाज, प्रदेश एवं व्यापारी जगत की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की गई।
इस्कॉन मंदिर में हुआ विशेष पंचामृत स्नान
सेक्टर-33 स्थित इस्कॉन मंदिर में जन्माष्टमी के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल की नवरत्न टीम ने विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण का विशेष पंचामृत स्नान कराया। इसके बाद आरती एवं पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीकृष्ण की महिमा का गुणगान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान इस्कॉन मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित बंसीधर जी का सानिध्य एवं आशीर्वाद प्राप्त हुआ। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, सेवा और सनातन संस्कृति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए श्रद्धालुओं को आशीर्वाद दिया।
इसके अलावा सेक्टर-19 स्थित मंदिर तथा सेक्टर-100 स्थित लोटस ब्लूवर्ड परिसर के मंदिर में आयोजित जन्माष्टमी कार्यक्रमों में भी विकास जैन एवं संगठन के पदाधिकारियों ने सहभागिता की। भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी के जयकारों से विभिन्न मंदिरों का वातावरण भक्तिमय बना रहा।
श्रीकृष्ण की लीलाएं देती हैं नई जागृति : विकास जैन
प्रदेश अध्यक्ष विकास जैन ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाएं और उनका कीर्तन जनमानस को भीतर तक प्रेरित करने का कार्य करते हैं। श्रीकृष्ण का जीवन हमें धर्म, कर्म, सत्य और कर्तव्य के मार्ग पर आगे बढ़ने की सीख देता है। उनकी प्रत्येक लीला में जीवन के लिए कोई न कोई महत्वपूर्ण संदेश छिपा है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की शिक्षाएं समाज में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और नई जागृति का संचार करती हैं। आज आवश्यकता है कि हम श्रीकृष्ण के आदर्शों को केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित न रखें, बल्कि उन्हें अपने व्यवहार, सामाजिक जीवन और कर्म में भी उतारें।
श्रीकृष्ण की लीलाओं से हर दिन कुछ नया सीखने को मिलता है : पंकज सिंह
सेक्टर-100 नोएडा में आयोजित कार्यक्रम में विधायक पंकज सिंह ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं से हम हर रोज कुछ नया सीखते हैं। उनके जीवन और कर्मों में समाज और राष्ट्र के लिए अनेक महत्वपूर्ण संदेश छिपे हैं।
उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण हमें परिस्थितियों के अनुसार सही निर्णय लेने, कर्तव्य का पालन करने और समाज को सही दिशा में आगे बढ़ाने की प्रेरणा देते हैं। प्रदेश को किस प्रकार आगे बढ़ाया जाए, समाज को साथ लेकर कैसे चला जाए और जनहित को प्राथमिकता कैसे दी जाए, इसके लिए भी भगवान श्रीकृष्ण के जीवन एवं उनकी नीतियों से प्रेरणा ली जा सकती है।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगी
जन्माष्टमी कार्यक्रमों में क्षेत्रीय अध्यक्ष नवाब सिंह नागर, भाजपा महानगर अध्यक्ष महेश चौहान, इस्कॉन मंदिर के मुख्य पुजारी पंडित बंसीधर, सांसद प्रतिनिधि संजय बाली, सांसद प्रतिनिधि अल्पेश गर्ग, प्रमुख GST अधिवक्ता मित्रा, थाना प्रभारी सेक्टर-49 राम प्रसाद शर्मा एवं एएसआई विकास सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश युवा व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष निखिल अग्रवाल, प्रदेश उपाध्यक्ष राजेश जिंदल, प्रदेश कोषाध्यक्ष अंकुर बंसल, प्रदेश सचिव शिवा चौहान, प्रदेश महामंत्री एवं ग्रेटर नोएडा अध्यक्ष सचिन गोयल, जिला सचिव विवेक अग्रवाल, प्रदेश पदाधिकारी सचिव सुरेंद्र गर्ग, जिला उपाध्यक्ष निशांत गर्ग, मोटिवेशनल स्पीकर अंकित जैन, युवा व्यापारी नेता हिमांशु बंसल मित्तल सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य सपरिवार शामिल हुए।
जन्माष्टमी के विभिन्न आयोजनों में पूरे समय भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना रहा। श्रद्धालुओं ने भगवान श्रीकृष्ण एवं राधा रानी की आरती कर देश, प्रदेश, नोएडा तथा समस्त व्यापारी समाज की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की प्रार्थना की।
एक टिप्पणी भेजें