Top News

जेवर के किसान पहुंचे लखनऊ, विकास की नई गाथा लिखने

गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: जेवर विधानसभा क्षेत्र के लगभग 172 किसानों का एक प्रतिनिधिमंडल आज जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह के नेतृत्व में लखनऊ पहुंचा। यह यात्रा केवल एक औपचारिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि किसानों के त्याग, विकास के प्रति उनके विश्वास और बदलते भारत की नई तस्वीर का प्रतीक है।
प्रतिनिधिमंडल 5, कालिदास मार्ग स्थित माननीय मुख्यमंत्री जी से शिष्टाचार भेंट करेगा तथा नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण, क्षेत्र के समग्र विकास और किसानों के सम्मान को नई पहचान दिलाने के लिए उनका आभार व्यक्त करेगा। इस अवसर पर जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि आज का दिन इतिहास के स्वर्णिम पन्नों में दर्ज होने योग्य है। जिन किसानों ने राष्ट्रहित और क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य के लिए अपनी भूमि समर्पित की, वही किसान आज विकास की इस यात्रा के सहभागी बनकर राजधानी लखनऊ पहुंचे हैं। यह केवल एक प्रतिनिधिमंडल की यात्रा नहीं, बल्कि किसान सम्मान, विश्वास और नए उत्तर प्रदेश की प्रगति का जीवंत प्रतीक है। जेवर के विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि जेवर के किसानों ने सदैव विकास का साथ दिया है और आज वही विकास उन्हें नए अवसरों तथा नई पहचान के साथ जोड़ रहा है। लखनऊ पहुंचा यह प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करेगा तथा नोएडा अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट को साकार करने में उनके नेतृत्व और दूरदर्शी सोच के लिए धन्यवाद देगा।
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि आज जेवर के किसानों का लखनऊ पहुंचना इस बात का प्रमाण है कि विकास और जनभागीदारी साथ-साथ चलें तो इतिहास रचा जाता है। यह क्षण आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करेगा कि त्याग और सकारात्मक सोच से किसी भी क्षेत्र की तस्वीर बदली जा सकती है।

Post a Comment

और नया पुराने