दादरी/ फेस वार्ता: पैतृक भूमि पर कथित अवैध कब्जे और निर्माण कार्य के विरोध में भारतीय किसान यूनियन (बलराज) के नेतृत्व में रविवार को दादरी में एक विशाल महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में बड़ी संख्या में किसानों, संगठन पदाधिकारियों और स्थानीय लोगों ने भाग लेकर प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए तथा पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग की।
महापंचायत को संबोधित करते हुए संगठन के नेताओं ने आरोप लगाया कि दादरी के खारी कुआं निवासी गोपाल गर्ग और मनोज जिंदल की पैतृक भूमि पर भू-माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। इस मामले को लेकर भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने 20 मई को उपजिलाधिकारी दादरी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी।
संगठन के अनुसार 25 मई को एसडीएम दादरी के साथ हुई वार्ता में मामले की जांच के लिए एसीपी दादरी को निर्देशित किया गया था। एसीपी द्वारा भी थाना दादरी को कार्रवाई के आदेश दिए गए, लेकिन इसके बावजूद जमीन पर निर्माण कार्य जारी रहा और अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इसी के विरोध में किसानों ने महापंचायत का आयोजन किया।
महापंचायत में वक्ताओं ने कहा कि भूमि विवाद का मामला न्यायालय में विचाराधीन होने के बावजूद विवादित स्थल पर निर्माण कार्य जारी रहना प्रशासनिक लापरवाही को दर्शाता है। किसानों का कहना था कि यह केवल एक परिवार की जमीन का मामला नहीं, बल्कि किसानों के भूमि अधिकारों और न्याय व्यवस्था से जुड़ा गंभीर विषय है।
किसान नेताओं ने प्रशासन से मांग की कि विवादित भूमि पर चल रहे निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए, पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए तथा पीड़ित परिवार को सुरक्षा और न्याय सुनिश्चित किया जाए।
आंदोलन की चेतावनी
महापंचायत के दौरान भारतीय किसान यूनियन (बलराज) ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि शीघ्र प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन व्यापक किसान आंदोलन और अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू करेगा। इसकी पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।
महापंचायत में संगठन की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा सिवाल, मुख्य राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट विजय प्रताप, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष रोहित भाटी, राष्ट्रीय प्रवक्ता विपिन खारी, राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र नागर, उत्तर प्रदेश अध्यक्ष योगेश वैष्णव सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और क्षेत्रीय किसान उपस्थित रहे।
इस बात की जानी संगठन की महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रेखा सिवाल ने दी
एक टिप्पणी भेजें