गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: किसानों के हितों की लड़ाई को और अधिक प्रभावी बनाने तथा संगठन में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से भारतीय किसान यूनियन (बलराज) की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, महिला सशक्तिकरण एवं किसान हितों से जुड़े विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता राष्ट्रीय महिला मोर्चा अध्यक्ष एवं राष्ट्रीय संयोजक के नेतृत्व में संपन्न हुई। इस दौरान संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने के लिए महिला पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए।
संगठन नेतृत्व द्वारा अर्चना गौतम को उत्तर प्रदेश अध्यक्ष (महिला मोर्चा), शिल्पा को मेरठ मंडल अध्यक्ष (महिला मोर्चा) तथा अनदिति को गौतमबुद्धनगर जिला अध्यक्ष (महिला मोर्चा) नियुक्त किया गया। नवनियुक्त पदाधिकारियों का संगठन के कार्यकर्ताओं ने स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
बैठक को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि किसान आंदोलन और सामाजिक सरोकारों से जुड़े मुद्दों में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी संगठन को नई दिशा और ऊर्जा प्रदान करेगी। महिला नेतृत्व किसानों, मजदूरों तथा समाज के वंचित वर्गों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
इस अवसर पर उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष सोनू खारी, जिला अध्यक्ष जोगिंदर पहलवान, पश्चिमी उत्तर प्रदेश सचिव अभिषेक सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
नवनियुक्त महिला पदाधिकारियों ने संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए किसान हितों की रक्षा, महिला जागरूकता तथा संगठन की नीतियों को गांव-गांव तक पहुंचाने का संकल्प लिया।बैठक का समापन संगठन को और अधिक मजबूत बनाने, किसानों के अधिकारों की रक्षा करने तथा जनसमस्याओं के समाधान के लिए निरंतर संघर्ष जारी रखने के संकल्प के साथ हुआ।
एक टिप्पणी भेजें