जेवर गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: जेवर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम नीमका में लगभग 1.32 करोड़ रुपये की लागत से विभिन्न विकास परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर विकास कार्यों का लोकार्पण रितिशा कौशिक के करकमलों द्वारा संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और गांव के समग्र विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जेवर विधायक धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि नई पीढ़ी की सक्रिय भागीदारी ही विकसित समाज और विकसित भारत की सबसे बड़ी पहचान है। उन्होंने कहा कि जब युवा वर्ग और बेटियां सामाजिक तथा विकासात्मक गतिविधियों में अग्रणी भूमिका निभाती हैं, तब समाज प्रगति के नए आयाम स्थापित करता है।
विधायक ने कहा कि जेवर विधानसभा क्षेत्र वर्तमान में विकास के स्वर्णिम काल से गुजर रहा है। सड़क, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ-साथ क्षेत्र में कई विश्वस्तरीय परियोजनाएं आकार ले रही हैं, जिनका लाभ आने वाली पीढ़ियों को मिलेगा।
उन्होंने बताया कि 15 जून से नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से उड़ान सेवाएं शुरू होने जा रही हैं, जिससे जेवर, गौतमबुद्ध नगर और पूरे पश्चिमी उत्तर प्रदेश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि एयरपोर्ट के संचालन से रोजगार, निवेश और व्यापार के नए अवसर पैदा होंगे।
धीरेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में जेवर क्षेत्र देश के प्रमुख विकास केंद्रों में तेजी से उभर रहा है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट, फिल्म सिटी, मेडिकल डिवाइस पार्क, लॉजिस्टिक्स हब और औद्योगिक परियोजनाएं क्षेत्र की तस्वीर और तकदीर बदलने का कार्य कर रही हैं।
इससे पूर्व विधायक ने ग्राम नीमका के प्राचीन मंदिर परिसर में ग्रामीणों के साथ जनसंवाद किया। उन्होंने गांववासियों की समस्याएं सुनीं, सुझाव प्राप्त किए तथा विकास कार्यों को लेकर उनकी अपेक्षाओं पर चर्चा की। ग्रामीणों ने क्षेत्र में तेजी से हो रहे विकास कार्यों पर संतोष व्यक्त करते हुए जनप्रतिनिधियों के प्रति आभार जताया।
एक टिप्पणी भेजें