Top News

IBA–यथार्थ हॉस्पिटल स्वास्थ्य समझौता: उद्यमियों और कर्मचारियों को मिलेगा विशेष स्वास्थ्य लाभ।

ग्रेटर नोएडा/फेस वार्ता: औद्योगिक क्षेत्र के उद्यमियों, कर्मचारियों और उनके परिवारों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) और यथार्थ हॉस्पिटल के बीच स्वास्थ्य सहयोग समझौता किया गया। "IBA–Yatharth Healthcare Connect 2026" कार्यक्रम के दौरान दोनों संस्थाओं ने दीर्घकालिक स्वास्थ्य साझेदारी की घोषणा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इस अवसर पर यथार्थ हॉस्पिटल द्वारा IBA से जुड़े उद्यमियों, उनके परिवारों तथा औद्योगिक इकाइयों में कार्यरत कर्मचारियों के लिए विशेष हेल्थ बेनिफिट एवं डिस्काउंट कार्ड लॉन्च किया गया, जिससे उन्हें अस्पताल की विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष लाभ प्राप्त होंगे।
मुख्य अतिथि राधारमण सिंह ने कहा कि स्वस्थ कर्मचारी किसी भी उद्योग की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं। उन्होंने IBA और यथार्थ हॉस्पिटल की इस पहल को समाज और उद्योग दोनों के लिए लाभकारी बताया।
यथार्थ हॉस्पिटल के वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राघव केसरी ने कहा कि अस्पताल का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना नहीं, बल्कि समाज को बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना भी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह साझेदारी हजारों परिवारों को समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएगी।
IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि यह समझौता केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि उद्योग जगत से जुड़े लोगों की स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बताया कि इस सहयोग के माध्यम से कर्मचारियों और उनके परिवारों को सम्मानजनक एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर तंबाकू सेवन से होने वाली गंभीर बीमारियों और उनके दुष्प्रभावों पर भी जागरूकता सत्र आयोजित किया गया। अस्पताल की विशेषज्ञ टीम ने स्वास्थ्य सुरक्षा और नियमित जांच के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी।
दोनों संस्थाओं ने संयुक्त रूप से विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में नियमित निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित करने का निर्णय लिया। इन शिविरों में सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण, नेत्र जांच, दंत परीक्षण, चिकित्सकीय परामर्श तथा आवश्यक दवाओं का निःशुल्क वितरण किया जाएगा।
कार्यक्रम में सहायक कारखाना निदेशक अंशुल त्रिपाठी, पूर्व सहायक आयुक्त उद्योग जी.पी. गोस्वामी, जीएसटी विभाग के तरुण राय, उद्योगपति सी.पी. राय, फायर स्टेशन ऑफिसर विनोद कुमार पाण्डेय तथा समाजसेवी राहुल नंबरदार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
इस स्वास्थ्य पहल को साकार करने में युवा उद्यमी विकास राय की भूमिका भी विशेष रूप से सराही गई। उपस्थित लोगों ने IBA और यथार्थ हॉस्पिटल को एक मंच पर लाने में उनके योगदान की प्रशंसा की।
समापन सत्र में योगेश कुमार नौहवार ने इस साझेदारी को उद्योग जगत और समाज के स्वास्थ्य कल्याण के लिए एक अनुकरणीय मॉडल बताते हुए इसके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। उपस्थित उद्यमियों, चिकित्सकों और अतिथियों ने इस पहल को औद्योगिक क्षेत्र के स्वास्थ्य सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक और दूरदर्शी कदम बताया।

Post a Comment

और नया पुराने