ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा के खेल इतिहास में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि जुड़ने जा रही है। पहली बार बिग क्रिकेट लीग (BCL) सीजन-2 का आयोजन ग्रेटर नोएडा स्थित शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के क्रिकेट ग्राउंड में 3 जून से 13 जून 2026 तक किया जाएगा। इस दौरान अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट जगत के कई दिग्गज खिलाड़ी मैदान पर अपना जलवा बिखेरेंगे। शिखर धवन, हरभजन सिंह, क्रिस गेल, रॉस टेलर, थिसारा परेरा और तिलकरत्ने दिलशान जैसे स्टार खिलाड़ी इस टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगे।
टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइजी टीमें टी-20 प्रारूप में कुल 18 मुकाबले खेलेंगी। मौजूदा चैंपियन मुंबई मरींस अपने खिताब की रक्षा के लिए मैदान में उतरेगी। इस लीग की सबसे बड़ी खासियत इसका प्रो-एम (Professional-Amateur) फॉर्मेट है, जिसके तहत देशभर से चयनित 60 शौकिया क्रिकेटरों को अंतरराष्ट्रीय और पूर्व आईपीएल खिलाड़ियों के साथ खेलने का अवसर मिलेगा।
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार के निर्देश पर अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी प्रेरणा सिंह ने संबंधित विभागों के साथ बैठक कर सभी तैयारियों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। आयोजन को सफल बनाने में प्राधिकरण भी सहयोगी की भूमिका निभा रहा है।
बिग क्रिकेट लीग के मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने बताया कि ऑनलाइन ट्रैवल कंपनी easemytrip.com के सहयोग से आयोजित इस लीग का उद्देश्य क्रिकेट के दिग्गजों और जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को एक मंच पर लाना है। भारत में मैचों का सीधा प्रसारण यूरोस्पोर्ट्स पर होगा, जबकि डिजिटल स्ट्रीमिंग फैनकोड पर उपलब्ध रहेगी। आयोजकों के अनुसार टूर्नामेंट का प्रसारण 25 से अधिक देशों में किया जाएगा।
निशांत पिट्टी ने कहा कि बिग क्रिकेट लीग के साथ उनकी साझेदारी बेहद उत्साहजनक रही है और यह मंच क्रिकेट के दिग्गजों तथा उभरती प्रतिभाओं को जोड़ने का अनूठा प्रयास है। वहीं लीग कमिश्नर दिलीप वेंगसरकर ने कहा कि लीग का उद्देश्य युवा खिलाड़ियों को विश्वस्तरीय मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकें और क्रिकेट के महान खिलाड़ियों के साथ खेलने का अनुभव प्राप्त कर सकें।
दर्शकों के लिए अच्छी खबर यह है कि सभी मैचों में स्टेडियम प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा और पार्किंग की भी पर्याप्त व्यवस्था की जाएगी। ऐसे में क्रिकेट प्रेमियों को आगामी 11 दिनों तक रोमांचक मुकाबलों का भरपूर आनंद लेने का अवसर मिलेगा।
एक टिप्पणी भेजें