Top News

गौतमबुद्धनगर पुलिस का सराहनीय कार्य: 121 गुम हुए स्मार्टफोन खोजकर मालिकों को लौटाए।

गौतमबुद्धनगर/ फेस वार्ता: पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर ने आमजन के खोए हुए मोबाइल फोन बरामद कर उन्हें उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपते हुए एक सराहनीय कार्य किया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देश पर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा शैलेन्द्र कुमार सिंह के नेतृत्व में सर्विलांस सेल सेंट्रल नोएडा एवं थाना सूरजपुर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए 121 कीमती स्मार्टफोन खोजकर उनके मालिकों को वापस सौंप दिए।
अपर पुलिस उपायुक्त सेंट्रल नोएडा स्वतंत्र कुमार सिंह तथा सहायक पुलिस आयुक्त तृतीय सेंट्रल नोएडा राजीव गुप्ता के निकट पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल और सर्विलांस तकनीक की सहायता से संपन्न की गई।
पुलिस के अनुसार, कमिश्नरेट क्षेत्र के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी प्रकरणों पर कार्रवाई करते हुए अलग-अलग कंपनियों के 121 स्मार्टफोन ट्रेस किए गए। बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए, जिससे लोगों के चेहरे पर खुशी लौट आई।
किन परिस्थितियों में गुम हुए थे मोबाइल?
पुलिस जांच में सामने आया कि अधिकांश मोबाइल फोन निम्न परिस्थितियों में खो गए थे
भीड़भाड़ वाले बाजारों, सब्जी मंडियों और साप्ताहिक बाजारों में खरीदारी के दौरान गिर गए।
ऑटो, टैक्सी, बस और मेट्रो में यात्रा करते समय छूट गए।
बाइक चलाते समय ढीली जेबों से निकलकर सड़क पर गिर गए।
सार्वजनिक पार्कों में खेलते या व्यायाम करते समय भूलवश छूट गए।
शादी समारोहों और बारातों में नृत्य के दौरान गिर गए या कार्यक्रम स्थल पर रह गए।
शराब के नशे में कहीं गिर गए या भूलवश छूट गए।
बड़े सार्वजनिक आयोजनों की भीड़ में खो गए।
मंदिर, मस्जिद, चर्च और गुरुद्वारों जैसे धार्मिक स्थलों पर छूट गए।
बच्चों द्वारा गेम खेलने के दौरान कहीं रखकर भूल जाने के कारण गुम हो गए।
पुलिस कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की यह पहल न केवल आधुनिक तकनीक के प्रभावी उपयोग का उदाहरण है, बल्कि आम नागरिकों के प्रति पुलिस की संवेदनशीलता और प्रतिबद्धता को भी दर्शाती है। CEIR पोर्टल और सर्विलांस की मदद से लगातार गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर लोगों को लौटाए जा रहे हैं, जिससे जनता का पुलिस पर विश्वास और मजबूत हो रहा है।

Post a Comment

और नया पुराने