ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। दुनिया की पहली प्रोफेशनल-अमैच्योर (प्रो-एम) क्रिकेट लीग Big Cricket League (BCL) के दूसरे सीज़न का भव्य शुभारंभ ग्रेटर नोएडा में हुआ। होटल एक्सपो इन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान लीग के आगामी मुकाबलों और विशेषताओं की जानकारी साझा की गई।
इस अवसर पर लीग के संस्थापक एवं अध्यक्ष R. P. Singh, सह-संस्थापक एवं सीईओ अन्निरुद्ध चौहान, मुंबई मरीन्स के कप्तान Ross Taylor, लीग एंबेसडर एवं पूर्व अफगानिस्तान कप्तान Asghar Afghan, मनन शर्मा तथा मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह मौजूद रहे।
3 जून से शुरू होगा क्रिकेट का महासंग्राम
3 जून से 13 जून 2026 तक ग्रेटर नोएडा के Shaheed Vijay Singh Pathik Sports Complex में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट में छह फ्रेंचाइज़ी टीमें खिताब के लिए मुकाबला करेंगी—
नॉर्दर्न चैलेंजर्स
मुंबई मरीन्स
एमपी टाइगर्स
यूपी ब्रिज स्टार्स
सदर्न स्पार्टन्स
गुजरात डायमंड्स
उद्घाटन मुकाबला 3 जून को शाम 7 बजे मुंबई मरीन्स और यूपी ब्रिज स्टार्स के बीच खेला जाएगा।
सभी मैचों में प्रवेश रहेगा निशुल्क
आयोजकों ने क्रिकेट प्रशंसकों के लिए विशेष घोषणा करते हुए बताया कि टूर्नामेंट के सभी मुकाबलों के लिए दर्शकों का प्रवेश पूरी तरह निशुल्क रहेगा। दर्शक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के गेट नंबर-1 से प्रवेश कर सकेंगे। इससे हजारों खेल प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को करीब से देखने का अवसर मिलेगा।
क्रिकेट के सितारे और युवा प्रतिभाएं एक साथ
बिग क्रिकेट लीग की सबसे बड़ी विशेषता इसका प्रो-एम फॉर्मेट है, जिसमें अनुभवी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और उभरते हुए शौकिया क्रिकेटर एक ही टीम में खेलते हैं। यह मंच युवा खिलाड़ियों को सीखने, अपनी प्रतिभा दिखाने और बड़े खिलाड़ियों के साथ प्रतिस्पर्धा करने का अनूठा अवसर प्रदान करता है।
मुख्य संरक्षक पुनीत सिंह ने कहा कि लीग का उद्देश्य जमीनी स्तर की प्रतिभाओं को क्रिकेट के बड़े मंच से जोड़ना है। वहीं आर.पी. सिंह ने इसे प्रोफेशनल और अमैच्योर क्रिकेट के बीच की दूरी कम करने वाला अभिनव प्रयास बताया।
टूर्नामेंट का कार्यक्रम
3 जून
मुंबई मरीन्स बनाम यूपी ब्रिज स्टार्स — शाम 7:00 बजे
4 जून से 11 जून
प्रतिदिन दो मुकाबले
दोपहर 2:00 बजे
शाम 7:00 बजे
12 जून
सेमीफाइनल-1 — दोपहर 2:00 बजे
सेमीफाइनल-2 — शाम 7:00 बजे
13 जून
फाइनल मुकाबला — शाम 7:00 बजे
खेल प्रेमियों के लिए उत्सव
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सितारों, उभरती प्रतिभाओं और रोमांचक मुकाबलों से सजा बिग क्रिकेट लीग सीज़न-2 ग्रेटर नोएडा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर नई पहचान देने जा रहा है। क्रिकेट प्रेमियों के लिए यह 11 दिन किसी उत्सव से कम नहीं होंगे, जहां खेल, प्रतिभा और मनोरंजन का शानदार संगम देखने को मिलेगा।
एक टिप्पणी भेजें