Top News

औद्योगिक विकास को नई दिशा देने की तैयारी, IBA प्रतिनिधिमंडल ने CEO एन.जी. रवि कुमार से की महत्वपूर्ण बैठक

ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता:। इंडस्ट्रियल बिजनेस एसोसिएशन (IBA) के अध्यक्ष अमित उपाध्याय एवं एसोसिएशन की टीम ने ग्रेटर नोएडा औद्योगिक विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार से उनके कैंप कार्यालय में महत्वपूर्ण एवं सकारात्मक बैठक की। बैठक में औद्योगिक क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं, आधारभूत संरचना के विकास, चल रहे प्रोजेक्ट्स तथा भविष्य की विकास योजनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक के दौरान IBA द्वारा मुख्य कार्यपालक अधिकारी को एक विस्तृत प्रशंसा एवं सुझाव पत्र भी सौंपा गया, जिसमें प्राधिकरण द्वारा औद्योगिक क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की गई। विशेष रूप से इकोटेक-3 औद्योगिक क्षेत्र में सड़क निर्माण, सड़कों के चौड़ीकरण, आधुनिक ड्रेनेज सिस्टम, इंटरलॉकिंग टाइल्स, हाई मास्ट लाइट, स्ट्रीट लाइट, हॉर्टिकल्चर, स्वच्छता व्यवस्था एवं श्रमिक सुविधा केंद्र जैसी योजनाओं को सराहनीय बताया गया।
मुख्य कार्यपालक अधिकारी एन.जी. रवि कुमार ने आश्वस्त किया कि ग्रेटर नोएडा के सभी औद्योगिक क्षेत्रों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक एवं मॉडल इंडस्ट्रियल सेक्टर के रूप में विकसित किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कई विकास परियोजनाएँ बजटिंग, एस्टीमेट एवं टेंडरिंग की प्रक्रिया में हैं, जबकि कई कार्यों का क्रियान्वयन शुरू हो चुका है।
उन्होंने जानकारी दी कि सूरजपुर गोलचक्कर से घंटा चौक एवं परी चौक तक के मार्ग को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा। इस परियोजना के अंतर्गत ग्रीन बेल्ट विकास, स्मार्ट स्ट्रीट लाइट, उन्नत प्रकाश व्यवस्था, फव्वारों का पुनः संचालन एवं पटरी सौंदर्यीकरण जैसे कार्य कराए जाएंगे।
बैठक में IBA ने औद्योगिक क्षेत्रों में पानी के बिलों से संबंधित समस्याओं को भी प्रमुखता से उठाया। एसोसिएशन ने बताया कि कई क्षेत्रों में अभी तक नियमित जलापूर्ति अथवा पाइपलाइन व्यवस्था उपलब्ध नहीं होने के बावजूद उद्यमियों को पानी के बिल भेजे जा रहे हैं।
इस पर सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने कहा कि ऐसे मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि विभिन्न औद्योगिक क्षेत्रों में नई पानी की पाइपलाइन बिछाने हेतु टेंडर जारी किए जा चुके हैं तथा कई स्थानों पर कार्य प्रारंभ हो चुका है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित किए जाने के बाद ही बिलिंग व्यवस्था को व्यवस्थित किया जाएगा।
बैठक के दौरान सीईओ एन.जी. रवि कुमार ने कहा कि “ग्रेटर नोएडा केवल एक शहर नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के औद्योगिक एवं आर्थिक विकास का महत्वपूर्ण केंद्र है। हमारा उद्देश्य केवल सड़क, ड्रेन या लाइट लगाना नहीं, बल्कि विश्वस्तरीय औद्योगिक वातावरण तैयार करना है, जहाँ उद्यमियों को बेहतर सुविधाएँ, श्रमिकों को सम्मानजनक वातावरण और निवेशकों को विश्वास प्राप्त हो।”
उन्होंने कहा कि प्राधिकरण की पूरी टीम पूरी प्रतिबद्धता के साथ औद्योगिक क्षेत्रों, आवासीय सेक्टरों एवं शहर की आधारभूत संरचना को मजबूत एवं व्यवस्थित बनाने में जुटी हुई है।
बैठक के उपरांत IBA अध्यक्ष अमित उपाध्याय ने कहा कि सीईओ एन.जी. रवि कुमार के नेतृत्व में प्राधिकरण द्वारा जिस गंभीरता एवं सकारात्मक सोच के साथ विकास कार्य किए जा रहे हैं, उससे उद्यमियों में विश्वास और उत्साह का वातावरण बना है। उन्होंने कहा कि यदि इसी प्रकार योजनाबद्ध विकास कार्य जारी रहे तो ग्रेटर नोएडा के औद्योगिक क्षेत्र देश के सर्वश्रेष्ठ मॉडल इंडस्ट्रियल सेक्टर के रूप में स्थापित होंगे।
इस अवसर पर IBA के अध्यक्ष अमित उपाध्याय के साथ कोषाध्यक्ष राकेश अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य हर्ष तोमर एवं अन्य उद्यमी उपस्थित रहे।

Post a Comment

और नया पुराने