ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: अंतरराष्ट्रीय नर्स दिवस के अवसर पर Kailash Institute of Nursing and Paramedical Sciences में एक भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नर्सिंग पेशे से जुड़े सेवा, समर्पण और मानवता के मूल्यों को सम्मान देना तथा विद्यार्थियों को समाज सेवा के प्रति प्रेरित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ। इसके बाद संस्थान के विद्यार्थियों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरणादायक कार्यक्रमों के माध्यम से नर्सों के त्याग, धैर्य और सेवा भावना को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि नर्सें स्वास्थ्य सेवा व्यवस्था की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो हर परिस्थिति में मरीजों की देखभाल और सेवा के लिए समर्पित रहती हैं।
इस अवसर पर संस्थान के प्रबंध निदेशक संदीप गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि नर्सें केवल चिकित्सा सेवा का हिस्सा नहीं, बल्कि मानवता की सच्ची मिसाल हैं। उनका धैर्य, संवेदनशीलता और सेवा भाव समाज के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने विद्यार्थियों को मरीजों की सेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा ईमानदारी, अनुशासन और करुणा के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में सभी नर्सिंग विद्यार्थियों ने नर्स प्रतिज्ञा लेते हुए मानव सेवा, अनुशासन एवं अपने दायित्वों के प्रति पूर्ण निष्ठा के साथ कार्य करने का संकल्प लिया। राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का सफल समापन हुआ।
एक टिप्पणी भेजें