Top News

वृद्धाश्रम में प्रो बोनो क्लब की पहल: वरिष्ठ नागरिकों को मिला अधिकारों का ज्ञान और सहयोग

ग्रेटर नोएडा/फेस वार्ता: शारदा विश्वविद्यालय के शारदा स्कूल ऑफ लॉ के प्रो बोनो क्लब द्वारा समाज के प्रति संवेदनशीलता का उदाहरण प्रस्तुत करते हुए एक सराहनीय जागरूकता एवं सहयोग कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम एक वृद्धाश्रम में आयोजित हुआ, जहां निवास कर रहे वरिष्ठ नागरिकों को उनके कानूनी अधिकारों और सरकारी सुविधाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने वरिष्ठ नागरिकों को सीनियर सिटीजन कार्ड के महत्व, उसके लाभ और आवेदन प्रक्रिया के बारे में जागरूक किया। साथ ही, उन्हें “एल्डरली हेल्पलाइन नंबर 18005993733” की जानकारी भी दी गई, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वे त्वरित सहायता प्राप्त कर सकें।
इस अवसर पर प्रो. (डॉ.) ऋषिकेश दवे, डीन, शारदा स्कूल ऑफ लॉ ने कहा कि इस प्रकार की पहल छात्रों में सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को विकसित करती है और वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों के संरक्षण के लिए जागरूकता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने बताया कि शारदा विश्वविद्यालय इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है।
डॉ. मानवेंद्र सिंह ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल सेवा का माध्यम नहीं, बल्कि छात्रों के लिए सीखने का भी महत्वपूर्ण अवसर है। समाज के प्रति जिम्मेदारी को समझते हुए छात्रों की सक्रिय भागीदारी सराहनीय है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में डॉ. वैशाली अरोड़ा का विशेष योगदान रहा। वहीं, छात्र स्वयंसेवकों मीनल, बिंदिया, श्रेया, पार्थ, सिधार्थ और उज्जवल ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम भूमिका निभाई।
कार्यक्रम के अंत में जरूरतमंद वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक उपयोग की वस्तुओं का वितरण किया गया, जिससे उनके चेहरे पर संतोष और खुशी साफ झलक रही थी। यह पहल न केवल जागरूकता बढ़ाने में सफल रही, बल्कि समाज में बुजुर्गों के प्रति सम्मान और सहयोग की भावना को भी मजबूत करती है।

Post a Comment

और नया पुराने