ग्रेटर नोएडा/ फेस वार्ता: ग्रेटर नोएडा स्थित एवीजे हाइट्स (K-301) में ब्राह्मण सभा की एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें आगामी भगवान परशुराम जन्मोत्सव के भव्य आयोजन को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सदस्यों द्वारा सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
बैठक में तय किया गया कि भगवान परशुराम जन्मोत्सव का आयोजन 19 अप्रैल 2026 (रविवार) को किया जाएगा। कार्यक्रम का आयोजन कैलाश इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल साइंस, नॉलेज पार्क-III, ग्रेटर नोएडा में प्रातः 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक किया जाएगा।
कार्यक्रम की व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां भी तय की गईं। डॉ. आरती शर्मा वीडियो डिस्प्ले की व्यवस्था गौरव उपाध्याय के सहयोग से सुनिश्चित करेंगी तथा मंच संचालन भी करेंगी। वहीं, बैनर एवं अन्य व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी बृजेश शर्मा और सुनील शर्मा संयुक्त रूप से संभालेंगे।
मुख्य अतिथि के रूप में सांसद डॉ. महेश शर्मा को आमंत्रित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त श्री कलराज मिश्र, अभिषेक शर्मा (भाजपा अध्यक्ष), चंद शर्मा, अनिल पाराशर (विधायक, अलीगढ़) तथा श्रीमती मंजू शर्मा (जज, कंज्यूमर कोर्ट) को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का निर्णय लिया गया। सभी अतिथियों से संपर्क कर स्वीकृति प्राप्त करने के बाद निमंत्रण पत्र की छपाई कराई जाएगी।
प्रसाद व्यवस्था को लेकर भी चर्चा हुई। यदि संस्थान स्तर पर व्यवस्था संभव होती है तो भुगतान कर प्रसाद की व्यवस्था कराई जाएगी, अन्यथा पूर्व में होली मिलन कार्यक्रम के लिए तय किए गए कैटरर की सेवाएं ली जाएंगी।
इसके अलावा फंड व्यवस्था पर भी विचार-विमर्श किया गया। प्रस्ताव रखा गया कि प्रत्येक आजीवन सदस्य से 100 रुपये प्रतिमाह (1200 रुपये प्रतिवर्ष) का योगदान लिया जाए। इस प्रस्ताव को पारित करने के लिए जल्द ही समिति की एक विशेष बैठक आयोजित की जाएगी।
बैठक में सभी सदस्यों ने आयोजन को सफल बनाने के लिए सक्रिय सहयोग का आश्वासन दिया।
एक टिप्पणी भेजें